भोपाल

कुरआन की तालीम पूरी कर हाफिज बने उमर, गोदरमहू के जलसे में दिखी हिंदू-मुस्लिम भाईचारे की खूबसूरत मिसाल

लेखक: Aazam Lala अंतिम अपडेट: 10 नवंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
कुरआन की तालीम पूरी कर हाफिज बने उमर, गोदरमहू के जलसे में दिखी हिंदू-मुस्लिम भाईचारे की खूबसूरत मिसाल

दो बच्चों ने मुकम्मल किया नाजरा कुरआन, उमर ने हासिल की हिफ्ज-ए-कुरआन की सनद; हिंदू भाइयों और पंडित जी ने मंच पर पहुंचकर दी मुबारकबाद, बांटी मिठाई

भोपाल। गोदरमहू, गांधी नगर स्थित मदरसा मकतब हसन बिन साबित में 9 नवंबर शनिवार को आयोजित एक रूहानी जलसे ने धार्मिक सद्भाव और सामाजिक एकता की खूबसूरत तस्वीर पेश की। मदरसे में कुरआन-ए-पाक की तालीम पूरी करने वाले बच्चों की कामयाबी का जश्न मनाया गया। इस दौरान दो बच्चों ने नाजरा कुरआन मुकम्मल किया, जबकि उमर ने कुरआन-ए-पाक हिफ्ज कर हाफिज की सनद हासिल की।

इस उपलब्धि पर मदरसे में आयोजित जलसे में परिवार के सदस्यों, शिक्षकों और स्थानीय लोगों ने बच्चों की हौसला अफजाई की। बेटे उमर की कामयाबी पर उनके वालिद महबूब लाला की खुशी देखते ही बन रही थी। उन्होंने बेटे को फूलों का हार पहनाकर सम्मानित किया और उसकी मेहनत पर खुशी जाहिर की। उपस्थित लोगों ने भी हाफिज उमर को मुबारकबाद देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य के लिए दुआएं कीं।

इस अवसर पर महबूब लाला ने मदरसे के उस्ताद सफी उल्लाह की मेहनत और शिक्षण सेवा का सम्मान करते हुए उन्हें शॉल और कपड़े भेंट किए। उन्होंने बेटे को इस मुकाम तक पहुंचाने में उस्ताद के योगदान के लिए आभार व्यक्त किया।

जलसे में हाफिज उमर ने अपनी आवाज में नात-ए-पाक पेश की। उनकी प्रस्तुति ने महफिल में मौजूद लोगों का ध्यान आकर्षित किया और कार्यक्रम को भावपूर्ण बना दिया।

कुरआन की खुशी में शामिल हुए हिंदू भाई, पंडित जी ने दी मुबारकबाद

इस आयोजन का सबसे खास और भावुक क्षण तब आया, जब मोहल्ले के हिंदू भाई और पंडित जी भी हाफिज उमर की कामयाबी की खुशी में शामिल होने मंच पर पहुंचे। उन्होंने हाफिज उमर को बधाई दी और मिठाई बांटकर इस खुशी को साझा किया।

धार्मिक पहचान से ऊपर उठकर एक-दूसरे की खुशियों में शामिल होने का यह दृश्य स्थानीय सामाजिक सौहार्द की मिसाल बना। एक ओर कुरआन हिफ्ज करने की खुशी थी, तो दूसरी ओर दूसरे धर्म के लोगों की आत्मीय भागीदारी ने आयोजन को भाईचारे का संदेश देने वाला बना दिया।

मोहब्बत और आपसी सम्मान का संदेश

गोदरमहू के इस जलसे ने यह संदेश दिया कि समाज की असली ताकत आपसी सम्मान, प्रेम और एक-दूसरे की खुशियों में सहभागिता से बनती है। मंदिर की घंटी और मस्जिद की अजान के बीच सद्भाव का रिश्ता ही भारतीय समाज की साझा संस्कृति को मजबूत करता है।

यह आयोजन केवल बच्चों की धार्मिक शिक्षा में उपलब्धि का उत्सव नहीं रहा, बल्कि परिवार, शिक्षक और समाज के सामूहिक योगदान के साथ-साथ गंगा-जमुनी तहजीब और सामाजिक एकता की एक सुंदर तस्वीर भी बनकर सामने आया।

💡 पृष्ठभूमि (Background)

कुरआन की तालीम पूरी कर हाफिज बने उमर, गोदरमहू के जलसे में हिंदू-मुस्लिम भाईचारे की मिसाल दिखाई गई। यह विषय धार्मिक शिक्षा और सामाजिक एकता पर आधारित है। यह खबर महत्वपूर्ण है क्योंकि यह दिखाती है कि धर्मनिरपेक्ष समाज में शिक्षा के माध्यम से भाईचारा और सहिष्णुता बढ़ सकती है। आम जनता पर इसका असर सकारात्मक है, जिससे विश्वास बढ़ेगा, धार्मिक संघर्ष कम होंगे और समाज में शांति व समृद्धि का माहौल बनेगा।

A
Aazam Lala

आज़म लाला भोपाल के वरिष्ठ पत्रकार हैं, जो लंबे समय से जनसमस्याओं और सामाजिक मुद्दों को अपनी पत्रकारिता के माध्यम से सामने लाते हैं। वे जमीनी स्तर की खबरों और जनसरोकार से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाते हैं।