लड़की ने चलते टेंपो से कूदकर बचाई जान:3 किमी बाद झाड़ियों में छिपी, जबरन टेंपो में बैठाने का आरोप
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →जौनपुर के जलालपुर इलाके में गुरुवार सुबह करीब 11 बजे 16 साल की किशोरी के अपहरण की कोशिश का मामला सामने आया है। किशोरी ने हिम्मत दिखाते हुए घटना वाली जगह से करीब तीन किलोमीटर दूर चलते टेंपो से छलांग लगा दी। इसके बाद वह सड़क किनारे बांस की झाड़ियों में छिप गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
घास काटने गई थी किशोरी हीरापुर गांव की रहने वाली अंजली यादव (16) गुरुवार सुबह घर से कुछ दूरी पर घास काटने गई थी। किशोरी के मुताबिक, इसी दौरान बंद बॉडी वाला एक टाटा टेंपो वहां आकर रुका। उसमें से दो युवक बाहर निकले और उसे बुलाया। अंजली को लगा कि युवक रास्ता पूछने के लिए बुला रहे हैं। जैसे ही वह उनके पास पहुंची, आरोप है कि दोनों ने उसका मुंह दबा दिया और जबरन टेंपो में बैठा लिया।
इसके बाद टेंपो का गेट बाहर से बंद कर दिया गया और वे बेलाव-केराकत मार्ग की ओर निकल गए। चलते टेंपो से कूदकर झाड़ियों में छिपी किशोरी ने पुलिस को बताया कि नेहरूनगर पुलिया के पास उसने चलते टेंपो से छलांग लगा दी। इसके बाद सड़क किनारे बांस की झाड़ियों में छिप गई।अंजली के मुताबिक, उसके कूदने के बाद दोनों युवकों ने टेंपो रोककर उसकी तलाश की।
काफी देर तक नहीं मिलने पर वे टेंपो लेकर कबुलपुर बाजार की ओर वापस चले गए। बदमाशों के जाने के बाद किशोरी झाड़ियों से बाहर आई और आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिवार के लोग भी मौके पर पहुंच गए। टेंपो में 7 और लड़कियां होने की बताई बात किशोरी ने पुलिस को बताया कि टेंपो के अंदर सात और लड़कियां थीं।
उसके मुताबिक, सभी के हाथ-पैर बंधे थे और उनके चेहरे पर नकाब लगा था। किशोरी ने दावा किया कि सभी लड़कियां बेहोश जैसी हालत में थीं। पुलिस इस जानकारी की भी जांच कर रही है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले घटना की जानकारी मिलते ही जलालपुर थाना प्रभारी सत्येंद्र विक्रम सिंह, जफराबाद पुलिस और एसओजी की टीम मौके पर पहुंची।
किशोरी से जानकारी लेने के बाद पुलिस ने कंट्रोल रूम के जरिए पूरे जिले में टेंपो की सूचना प्रसारित कराई। थाना प्रभारी ने इलाके की दर्जनों दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली। उन्होंने बताया कि मामला संदिग्ध लग रहा है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और जल्द मामले का खुलासा करने की बात कही है।
📡 स्रोत: NewsData.io