राज्य

लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत और मानसिक दृढ़ता के साथ आगे बढ़ें युवा: किरण भड़ाना

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 3 नवंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत और मानसिक दृढ़ता के साथ आगे बढ़ें युवा: किरण भड़ाना

माई युवा भारत के तत्वावधान में बिलासपुर काॅलेज में आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि बोलीं उपायुक्त

नवंबर 03, बिलासपुर (हिमाचल प्रदेश): उपायुक्त किरण भड़ाना ने कहा कि जीवन में निर्धारित लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए निरंतर मेहनत, समर्पण और मानसिक दृढ़ता आवश्यक है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपने लक्ष्य के प्रति प्रतिबद्ध रहें और असफलताओं से निराश होने के बजाय उनसे सीख लेकर आगे बढ़ें।

किरण भड़ाना आज राजकीय महाविद्यालय बिलासपुर में माई युवा भारत के सौजन्य से आयोजित विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग-2026 में बतौर मुख्यातिथि बोल रही थी। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि किसी भी क्षेत्र में सफलता केवल पढ़ाई तक सीमित नहीं होती, बल्कि इसके लिए मानसिक रूप से मजबूत होना भी बेहद जरूरी है।

व्यक्ति की वास्तविक क्षमता इस बात से निर्धारित होती है कि वह असफलताओं का सामना किस प्रकार करता है और उनसे उबरकर दोबारा मेहनत करने के लिए कितना तैयार रहता है। उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए धैर्य, निरंतर प्रयास और आत्मविश्वास बनाए रखना जरूरी है। उपायुक्त ने उपस्थित युवाओं को अपने साथ संवाद करने के लिए प्रोत्साहित करते हुए कहा कि वे अपनी शिक्षा, करियर और जीवन की चुनौतियों से जुड़े प्रश्नों के लिए कभी भी उनके कार्यालय आ सकते हैं।

उन्होंने कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि जिला प्रशासन के माध्यम से युवाओं और विद्यार्थियों के जीवन में सकारात्मक योगदान दिया जा सके। इससे पूर्व उपायुक्त ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। माई युवा भारत के युवा कार्यक्रम समन्वयक आशीष गौतम ने मुख्यातिथि का स्वागत किया। इस अवसर पर आयोजित भाषण प्रतियोगिता में श्रेयसी पहले, रंजीता दूसरे तथा तृप्ता तीसरे स्थान पर रहीं।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।