LDA में लोन मेला, बैंक और NOC की सुविधा:पीएम आवास-अनंत नगर योजनाओं के आवंटी कर सकेंगे आवेदन
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) में गुरुवार यानी 15 अक्टूबर को लोन मेला लगाया जाएगा। गोमती नगर स्थित प्राधिकरण भवन में लगने वाले इस मेले में राष्ट्रीयकृत और अधिसूचित बैंकों के अधिकारी मौजूद रहेंगे। यहां आवंटियों को लोन लेने के लिए बैंक से जुड़ी जरूरी जानकारी और सहायता एक ही जगह पर मिलेगी।
साथ ही मौके पर एनओसी देने की व्यवस्था भी की गई है। अलग-अलग बैंकों की भागीदारी से आवंटियों को प्रतिस्पर्धात्मक ब्याज दरों पर लोन लेने का विकल्प मिलेगा। एलडीए की ओर से यह पहल उन आवंटियों की परेशानी दूर करने के लिए की जा रही है, जो पैसों की कमी या बैंक से लोन नहीं मिल पाने के कारण अपनी संपत्ति का पूरा भुगतान नहीं कर पा रहे हैं।
ऐसे आवंटियों को भुगतान में देरी होने पर अतिरिक्त ब्याज देना पड़ता है। वहीं, ज्यादा देरी होने पर आवंटन निरस्त होने का खतरा भी बना रहता है। एक जगह पर मिलेगी लोन से जुड़ी पूरी जानकारी एलडीए के वित्त नियंत्रक अनिल कुमार सिंह ने बताया कि प्राधिकरण समय-समय पर आवासीय और व्यावसायिक संपत्तियों का आवंटन करता है।
कई बार आवंटियों को बैंक से लोन लेने की प्रक्रिया और जरूरी दस्तावेजों की सही जानकारी नहीं मिल पाती। इसके चलते वे समय पर अपनी संपत्ति की पूरी कीमत जमा नहीं कर पाते हैं। इसी समस्या को देखते हुए एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने लोन मेला लगाने के निर्देश दिए हैं। इसका उद्देश्य आवंटियों को एक ही स्थान पर बैंकिंग सहायता उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें लोन के लिए अलग-अलग बैंकों के चक्कर न लगाने पड़ें और भुगतान की प्रक्रिया आसान हो सके।
मौके पर एनओसी, ब्याज दरों के लिए भी मिलेगा विकल्प एलडीए के लेखाधिकारी विनोद कुमार श्रीवास्तव के मुताबिक, मेले में आवंटियों को मौके पर बैंक से संबंधित सहायता दी जाएगी और एनओसी उपलब्ध कराने की व्यवस्था रहेगी। कई बैंकों के शामिल होने से आवंटियों को ब्याज दरों और लोन की शर्तों की तुलना करने का भी मौका मिलेगा।
लोन के लिए आने वाले आवंटियों को अपने साथ आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक पासबुक, आय प्रमाण पत्र और जाति प्रमाण पत्र समेत जरूरी दस्तावेज लाने होंगे। दस्तावेजों के आधार पर बैंक अधिकारी लोन से जुड़ी प्रक्रिया में मदद करेंगे। कमजोर और कम आय वाले परिवारों को मिलेगी राहत इस लोन मेले से खास तौर पर दुर्बल आय वर्ग और अल्प आय वर्ग के आवंटियों को राहत मिलने की उम्मीद है।
प्रधानमंत्री आवास योजना, अटल नगर योजना, सरदार वल्लभ भाई पटेल आवासीय योजना, पहले आओ-पहले पाओ योजना और अनंत नगर योजना के आवंटी इसमें शामिल हो सकेंगे। इसके अलावा एलडीए की अन्य योजनाओं में आवासीय और व्यावसायिक संपत्ति लेने वाले लोग भी बैंक लोन के लिए आवेदन कर सकेंगे। इससे उन आवंटियों को मदद मिलेगी, जो आर्थिक दिक्कतों के चलते अपनी संपत्ति का पूरा भुगतान नहीं कर पा रहे हैं।
पूरा भुगतान कर सकेंगे आवंटी एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने कहा कि ‘एक दिन-एक स्थान, लोन संबंधी पूर्ण समाधान’ के उद्देश्य से मेले का आयोजन किया जा रहा है। इसके जरिए हर वर्ग के आवंटियों की ऋण संबंधी जरूरतों को पूरा करने का प्रयास किया जाएगा, ताकि वे बैंक से लोन लेकर अपनी संपत्ति का पूरा भुगतान कर सकें और उसके मालिक बन सकें।
📡 स्रोत: NewsData.io