व्यापार

1 लीटर दूध 7 रुपए और बिसलेरी का पानी 12 रुपए, ये भारत की कहानी, जब कटा था बवाल?

लेखक: JKS News Desk अंतिम अपडेट: 24 नवंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
1 लीटर दूध 7 रुपए और बिसलेरी का पानी 12 रुपए, ये भारत की कहानी, जब कटा था बवाल?

देश में आज बोतल बंद पानी पर बवाल खड़ा हो गया है. देश की सबसे बड़ी पानी की कंपनी बिसलेरी अब कानूनी पचड़े में फंस गई है. कंपनी का बोतल वाला पानी दो बार टेस्ट में फेल हो गया है.

ये वही पानी है, जिसने लोगों की जिदंगी को आसान बनाया है. कहीं भी जाओ, बोतल साथ ले जाओ. कीमत सिर्फ 20 रुपए.

लेकिन आज आपको 1997 का एक किस्सा बताते हैं, जब इसी बोतल बंद पानी पर देश में खूब बवाल कटा था.

हम जिस बवाल की बात कर रहे हैं, वह बोतल बंद पानी की कीमत को लेकर था. 1997 में देश में एक लीटर दूध की कीमत मात्र 7 रुपए थी, जबकि एक लीटर पानी की कीमत 12 रुपए थी. यानी दूध से महंगा पानी था.

पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद यादव (दिवंगत) ने 26 अगस्त 1997 को पानी के दूध से महंगा बिकने का उदाहरण देकर देश की आर्थिक व्यवस्था पर सवाल उठाया था. यह बात लोकसभा के आधिकारिक रिकॉर्ड में दर्ज है.

शरद यादव ने संसद में क्या कहा था?

संसद में अपने भाषण के दौरान शरद यादव ने ग्रामीण परिवारों, पशुपालन और उनकी कमाई का उदाहरण दिया.

उनका कहना था, ''एक गरीब परिवार गाय पालकर दूध पैदा करता है, मेहनत करता है, लेकिन उसे उसके उत्पादन का बहुत कम पैसा मिलता है.

दूसरी तरफ बाजार में बोतल में बंद पानी ज्यादा कीमत पर बेचा जा रहा है.'' उन्होंने दो टूक कहा था, ''जिस देश में दूध सस्ता हो और पानी महंगा हो, उस देश में समता कैसे हो सकती है.''

90 के दशक में बोतल बंद पानी का कारोबार कैसे बढ़ा?

देश में बोतल बंद पानी 1990 के दशक से पहले भी बिकता था, लेकिन तब इसका इस्तेमाल सीमित था.

धीरे-धीरे कंपनियों ने इसे आम लोगों तक पहुंचाना शुरू किया और लोगों ने भी अपनी सुविधा देखते हुए इसे हाथों हाथ खरीदना शुरू कर दिया.

दरअसल बिसलेरी ने 1995 में 500 ML की बोतल 5 रुपए में पेश की थी. इसका मकसद आम लोगों और यात्रियों तक बोतल बंद पानी पहुंचाना था. बाद में कंपनी ने कीमतें बढ़ा दीं.

अप्रैल 1996 की इंडिया टुडे की एक रिपोर्ट के मुताबिक एक लीटर बोतल बंद पानी 12 से 15 रुपए में बिकता था.

📡 स्रोत: ABP Live Vyapar

📰 पूरी खबर पढ़ें (ABP Live Vyapar पर जाएं)
J
JKS News Desk

जनता का संदेश की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।