राज्य

लिवर के इलाज के लिए अब दूसरे राज्यों के चक्कर नहीं, जयपुर में मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 23 नवंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
लिवर के इलाज के लिए अब दूसरे राज्यों के चक्कर नहीं, जयपुर में मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

महात्मा गांधी हॉस्पिटल जयपुर में लिवर, पैंक्रियाज और पित्त नली की जटिल बीमारियों के आधुनिक उपचार और लिवर ट्रांसप्लांट की सुविधाएं उपलब्ध हैं। जल्द ही 450 बेड का लिवर टावर भी शुरू होगा, जहां जांच से लेकर प्रत्यारोपण तक की सेवाएं एक ही छत के नीचे मिलेंगी।

जयपुर, 23 नवंबर।लिवर, पैंक्रियाज और पित्त नली की गंभीर एवं जटिल बीमारियों के उपचार के लिए अब राजस्थान के मरीजों को दूसरे राज्यों में जाने की जरूरत नहीं होगी। जयपुर के सीतापुरा स्थित महात्मा गांधी हॉस्पिटल के सेंटर फॉर डाइजेस्टिव साइंसेज में आधुनिक उपचार, जटिल सर्जरी और लिवर प्रत्यारोपण की विशेषज्ञ सुविधाएं उपलब्ध हैं। अस्पताल में जल्द ही 450 बेड का लिवर टावर भी शुरू किया जाएगा। इसमें लिवर, पेट, आंत और अन्य उदर रोगों की जांच, निदान, उपचार, सर्जरी, प्रत्यारोपण और ऑपरेशन के बाद देखभाल की सुविधाएं एक ही स्थान पर मिलेंगी।

यह जानकारी महात्मा गांधी यूनिवर्सिटी ऑफ मेडिकल साइंसेज एंड टेक्नोलॉजी के चेयरपर्सन-कम-चांसलर डॉ. विकास चंद्र स्वर्णकार ने उदयपुर में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन की ओर से आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में दी।

इस अवसर पर सेंटर फॉर डाइजेस्टिव साइंसेज के चेयरमैन एवं एचपीबी सर्जरी तथा लिवर ट्रांसप्लांटेशन विभागाध्यक्ष डॉ. नैमिष एन. मेहता ने बताया कि अस्पताल में विभिन्न आधुनिक तकनीकों के माध्यम से जटिल लिवर प्रत्यारोपण किए जा रहे हैं। इनमें मैचिंग और अनमैचिंग डोनर, ड्यूल लोब, कैडेवरिक यानी ब्रेन डेड डोनर और बच्चों का पीडियाट्रिक लिवर ट्रांसप्लांट भी शामिल है।

उन्होंने बताया कि लिवर प्रत्यारोपण एक जटिल प्रक्रिया है, जिसमें सर्जन, हेपेटोलॉजिस्ट, एनेस्थीसिया और क्रिटिकल केयर विशेषज्ञों की समन्वित टीम महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। मरीज के प्रत्यारोपण से पहले मूल्यांकन, सर्जरी और उसके बाद गहन देखभाल तक विशेषज्ञों की टीम लगातार उपचार में जुटी रहती है।

डॉ. मेहता ने लिवर की बीमारियों से बचाव के लिए जागरूकता और समय पर जांच को भी जरूरी बताया। उन्होंने कहा कि फैटी लिवर, मोटापा, डायबिटीज, शराब का सेवन और हेपेटाइटिस जैसे कारण लिवर को धीरे-धीरे नुकसान पहुंचा सकते हैं। शुरुआती अवस्था में कई बार बीमारी के लक्षण स्पष्ट नहीं होते। ऐसे में संतुलित खानपान, नियमित व्यायाम, वजन पर नियंत्रण, शराब से परहेज और समय-समय पर चिकित्सकीय जांच जरूरी है।

लिवर प्रत्यारोपण और एडवांस्ड लिवर सर्जरी की आधुनिक तकनीकों पर चर्चा के लिए रविवार को उदयपुर के मैरियट होटल में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन, उदयपुर ब्रांच और महात्मा गांधी हॉस्पिटल जयपुर के संयुक्त तत्वावधान में सतत चिकित्सा शिक्षा कार्यक्रम (CME) आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रो. डॉ. विपिन माथुर, विभागाध्यक्ष गैस्ट्रोएंटरोलॉजी एवं पूर्व प्राचार्य, आरएनटी मेडिकल कॉलेज उदयपुर उपस्थित रहे। इस दौरान IMA उदयपुर के अध्यक्ष डॉ. आनंद गुप्ता, सचिव डॉ. प्रशांत अग्रवाल और कोषाध्यक्ष डॉ. दीपक शाह सहित महात्मा गांधी हॉस्पिटल के चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर सुकांता कुमार दास और बड़ी संख्या में स्थानीय चिकित्सक मौजूद रहे।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।