राजनीति

मधुबनी में दुर्गा पूजा पर शांति समिति की बैठक:डीएम-एसएसपी ने की अध्यक्षता, दिए शांति-सौहार्द बनाए रखने के निर्देश

लेखक: JKS News Desk अंतिम अपडेट: 9 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
मधुबनी में दुर्गा पूजा पर शांति समिति की बैठक:डीएम-एसएसपी ने की अध्यक्षता, दिए शांति-सौहार्द बनाए रखने के निर्देश

दुर्गा पूजा के दौरान जिले में शांति, सौहार्द एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर गुरुवार को मधुबनी समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मधुबनी के जिलाधिकारी आनंद शर्मा एवं वरीय पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने संयुक्त रूप से की। बैठक सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक चली।

इस दौरान दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर प्रशासनिक तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में अपर समाहर्ता मुकेश रंजन, सदर एसडीएम चंदन कुमार झा, सदर एसडीपीओ-1 अमित कुमार, मधुबनी नगर थाना अध्यक्ष मनोज कुमार, यातायात थाना अध्यक्ष नीलमणि रंजन सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

इसके अलावा स्थानीय जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, पूजा समिति के सदस्य एवं बड़ी संख्या में आम लोग भी बैठक में शामिल हुए। वहीं, वर्चुअल माध्यम से झंझारपुर, फुलपरास एवं जयनगर अनुमंडल के एसडीएम और एसडीपीओ भी बैठक से जुड़े। बैठक के दौरान जिलाधिकारी आनंद शर्मा एवं एसएसपी योगेंद्र कुमार ने उपस्थित पूजा समिति के सदस्यों, जनप्रतिनिधियों एवं आम लोगों से दुर्गा पूजा के दौरान आने वाली संभावित समस्याओं और व्यवस्थाओं को लेकर विचार-विमर्श किया।

पूजा पंडालों, श्रद्धालुओं की सुविधा, यातायात व्यवस्था, सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर लोगों से सुझाव लिए गए। अधिकारियों ने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान जिले में शांति एवं सौहार्द का वातावरण बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए प्रशासन एवं पुलिस की ओर से आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।

पूजा समितियों से भी प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं निर्देशों का पालन करने तथा किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल पुलिस एवं प्रशासन को सूचना देने की अपील की गई। बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए डीएम आनंद शर्मा एवं एसएसपी योगेंद्र कुमार ने बताया कि दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार है।

सभी संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

📡 स्रोत: NewsData.io

📰 पूरी खबर पढ़ें (NewsData.io पर जाएं)
J
JKS News Desk

जनता का संदेश की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।