मध्यप्रदेश में 2026-27 से शुरू होंगे एलाइड एंड हेल्थकेयर पाठ्यक्रम, उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने दिए निर्देश
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
भोपाल, 16 अक्टूबर। मध्यप्रदेश में सह-चिकित्सीय क्षेत्र में प्रशिक्षित मानव संसाधन तैयार करने और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने की दिशा में एलाइड एंड हेल्थकेयर पाठ्यक्रमों को शैक्षणिक सत्र 2026-27 से शुरू करने की तैयारी की जा रही है। उप मुख्यमंत्री एवं लोक स्वास्थ्य तथा चिकित्सा शिक्षा मंत्री राजेंद्र शुक्ल ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को राष्ट्रीय एलाइड एंड हेल्थकेयर आयोग के अनुमोदित पाठ्यक्रमों को प्रदेश में प्रारंभ करने के लिए आवश्यक कार्यवाही तत्काल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
वल्लभ भवन में लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग तथा उच्च शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक में उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि आधुनिक चिकित्सा पद्धतियों और तकनीकों के अनुरूप दक्ष एवं प्रशिक्षित मानव संसाधन की उपलब्धता स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी और सुदृढ़ बनाने के लिए महत्वपूर्ण है। इसके लिए युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और व्यावहारिक प्रशिक्षण के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराना आवश्यक है।
उन्होंने निर्देश दिए कि राष्ट्रीय एलाइड एंड हेल्थकेयर आयोग, भारत सरकार द्वारा जारी अंतरिम दिशा-निर्देशों के अनुरूप अनुमोदित पाठ्यक्रमों को प्रदेश में प्रारंभ करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाए। इसके साथ ही संबंधित संस्थानों की संबद्धता और प्रवेश प्रक्रिया निर्धारित समय-सीमा में पूरी की जाए, ताकि नए शैक्षणिक सत्र से पाठ्यक्रमों का संचालन शुरू किया जा सके।
राष्ट्रीय आयोग ने सह-चिकित्सीय क्षेत्र में शिक्षा एवं प्रशिक्षण के स्तर को बेहतर बनाने, आधुनिक तकनीकों के विस्तार और देशभर में पाठ्यक्रमों में एकरूपता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अंतरिम दिशा-निर्देश जारी किए हैं। मध्यप्रदेश में इन पाठ्यक्रमों का संचालन निर्धारित मानकों के अनुरूप करने के लिए लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग तथा उच्च शिक्षा विभाग के बीच समन्वय स्थापित कर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
बैठक में उच्च शिक्षा आयुक्त प्रबल सिंह, एलाइड काउंसिल के अध्यक्ष डॉ. विजय कुमार, सचिव डॉ. शेलोज जोशी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।