महराजगंज की रूपा देवी की गाय ने जीता 1.51 लाख रुपये का राष्ट्रीय पुरस्कार
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
गोरखपुर के महराजगंज जिले की महिला पशुपालक रूपा देवी की जर्सी गाय ने राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कार जीतकर जिले का नाम रोशन किया है। वाराणसी में आयोजित ‘रंगीलो काशी’ राष्ट्रीय पशु मेले में उनकी गाय ने दूसरा स्थान हासिल किया और 1.51 लाख रुपये का पुरस्कार जीता।रूपा देवी महराजगंज के बृजमनगंज ब्लॉक के सहजनवा बाबू गांव की रहने वाली हैं।
वह श्री बाबा गोरखनाथ कृपा मिल्क प्रोड्यूसर ऑर्गनाइजेशन (एमपीओ) से जुड़ी हुई हैं। यह पुरस्कार उनकी गाय को 24 घंटे में 25 लीटर से अधिक दूध देने के लिए दिया गया। पुरस्कार नेशनल डेयरी डेवलपमेंट बोर्ड के चेयरमैन डॉ. मीनेश शाह ने प्रदान किया। श्री बाबा गोरखनाथ कृपा एमपीओ का गठन ग्रामीण महिलाओं को डेयरी व्यवसाय के जरिए आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से किया गया है।
इस संस्था से अब तक 77 हजार से ज्यादा महिला दुग्ध उत्पादक जुड़ चुकी हैं। एमपीओ की महिलाएं दूध उत्पादन के साथ-साथ वैज्ञानिक तरीके से पशुपालन और नई तकनीकों को अपनाकर अपनी आय बढ़ाने का प्रयास कर रही हैं। रूपा देवी की गाय को मिला यह पुरस्कार दूसरी महिला पशुपालकों के लिए भी प्रेरणा बनेगा।