महर्षि वाल्मीकि जयंती पर सोलन में धार्मिक कार्यक्रम आयोजित
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
अक्तूबर 26, सोलन (हिमाचल प्रदेश): रामायण के रचयिता महर्षि वाल्मीकि जी की जयंती के पावन अवसर पर सोलन के बाण मोहल्ला स्थित भगवान वाल्मीकि मंदिर में धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम का शुभारंभ ध्वजारोहण के साथ हुआ। इस अवसर पर मंदिर में विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
साथ ही लोगों से महर्षि वाल्मीकि जी की शिक्षाओं को अपने जीवन में अपनाने तथा समाज में आपसी भाईचारे, समानता और समरसता को बढ़ावा देने का आह्वान किया गया। वाल्मीकि सुधार समिति सोलन के प्रधान प्रेम चंद मटू ने बताया कि रामायण के रचयिता महर्षि वाल्मीकि जी की जयंती के उपलक्ष्य में यह धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में समरसता, एकता और भाईचारे का संदेश देना है। महर्षि वाल्मीकि जी ने रामायण के माध्यम से समाज को जो आदर्श और शिक्षाएं दी हैं, उन्हें वर्तमान पीढ़ी के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि महर्षि वाल्मीकि जी की शिक्षाएं आज भी प्रासंगिक हैं और हमें सत्य, धर्म, सदाचार तथा मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती हैं।
इन शिक्षाओं को अपनाकर ही हम अपनी सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत को सुरक्षित रखते हुए एक बेहतर समाज का निर्माण कर सकते हैं। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे महर्षि वाल्मीकि जी के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करें और समाज में समानता, सद्भाव तथा आपसी सहयोग की भावना को मजबूत बनाने में अपना योगदान दें।