खेल

महिला विकास प्रोत्साहन योजना के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वालों को किया जाएगा सम्मानित

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 6 नवंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
महिला विकास प्रोत्साहन योजना के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वालों को किया जाएगा सम्मानित

नवंबर 06, सिरमौर (हिमाचल प्रदेश): महिला सशक्तिकरण एवं महिलाओं के सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक विकास के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं को प्रदेश सरकार द्वारा अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस (8 मार्च) के अवसर पर सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए महिला एवं बाल विकास विभाग ने हिमाचल प्रदेश महिला विकास प्रोत्साहन योजना-2013 के अंर्तगत पात्र व्यक्तियों एवं संस्थाओं से आवेदन आमंत्रित किए हैं।

जिला कार्यक्रम अधिकारी, सिरमौर पवन कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि इस योजना के तहत स्वास्थ्य, शिक्षा, खेल, सामाजिक सेवाओं तथा कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में पिछले पांच वर्षों के दौरान महिलाओं के विकास एवं सशक्तिकरण के लिए उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों एवं संगठनों को सम्मानित किया जाता है।

योजना का लाभ हिमाचल प्रदेश के 18 वर्ष या इससे अधिक आयु के मूल निवासी पात्र व्यक्तियों एवं योग्य संस्थाओं को दिया जा सकता है। उन्होंने बताया कि इच्छुक पात्र आवेदक निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार 31 दिसंबर, 2026 तक हिमसेवा पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। प्राप्त आवेदनों एवं संबंधित दस्तावेजों का जिला स्तर पर सत्यापन किया जाएगा तथा उपायुक्त की संस्तुति के बाद पात्र मामलों को आगामी कार्रवाई के लिए निदेशालय भेजा जाएगा।

विभाग द्वारा प्रतिवर्ष इस योजना के माध्यम से महिला कल्याण एवं सशक्तिकरण के क्षेत्र में सराहनीय कार्य करने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं को प्रोत्साहित किया जाता है। इस पहल का उद्देश्य समाज में महिलाओं के विकास के लिए किए जा रहे उत्कृष्ट प्रयासों को पहचान देना तथा अन्य लोगों एवं संस्थानों को भी इस दिशा में कार्य करने के लिए प्रेरित करना है।

जिला कार्यक्रम अधिकारी ने पात्र व्यक्तियों एवं संस्थाओं से निर्धारित समयावधि के भीतर आवेदन करने का आग्रह किया है। योजना से संबंधित पात्रता, दिशा-निर्देश एवं अन्य जानकारी के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग की आधिकारिक वेबसाइट https://wcd.hp.gov.in/ पर संपर्क किया जा सकता है।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।