राजनीति

महिलाओं के सम्मान को लेकर धर्मशाला में भाजपा महिला मोर्चा का प्रदर्शन, कांग्रेस पर साधा निशाना

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 12 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
महिलाओं के सम्मान को लेकर धर्मशाला में भाजपा महिला मोर्चा का प्रदर्शन, कांग्रेस पर साधा निशाना

अक्तूबर 12, कांगड़ा (हिमाचल प्रदेश): भारतीय जनता पार्टी जिला कांगड़ा की ओर से आज धर्मशाला में कांग्रेस के खिलाफ धरना-प्रदर्शन एवं आक्रोश रैली का आयोजन किया गया। भाजपा ने जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) परिसर में कांग्रेस सांसद अगोमचा बिमोल अकोइजम पर छात्राओं के साथ कथित यौन उत्पीड़न के आरोपों को लेकर विरोध जताया और धरना प्रदर्शन किया और नारेबाजी कर पुतला जलाया।

प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर महिलाओं से जुड़े गंभीर मामलों में दोहरा रवैया अपनाने और राजनीतिक लाभ के लिए मुद्दों को चुनने का आरोप लगाया। धर्मशाला से भाजपा विधायक एवं पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा ने कहा कि भाजपा महिला मोर्चा और पदाधिकारियों ने देश को अस्थिर करने का प्रयास करने वाले विपक्षी दलों के खिलाफ धर्मशाला में विरोध प्रदर्शन किया और पुतला फूंका।

उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी, 'इंडिया' गठबंधन और अन्य विपक्षी दल देश को अस्थिर करने की कोशिश कर रहे हैं, जिसका भाजपा हर मोर्चे पर विरोध करेगी। उन्होंने विपक्ष पर देश की संवैधानिक संस्थाओं को लेकर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाने वाले विपक्षी दलों को यह भी देखना चाहिए कि आयोग विभिन्न राज्यों में चुनाव करवाता है, जहां अलग-अलग दलों की सरकारें हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि मतदाता सूचियों से फर्जी, दोहरे और मृत मतदाताओं के नाम हटाने की प्रक्रिया का विरोध राजनीतिक कारणों से किया जा रहा है। पूर्व मंत्री सरवीन चौधरी ने कहा कि महिलाओं का सम्मान सर्वोपरि है और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए आवाज उठाना जरूरी है। उन्होंने मांग की कि महिलाओं के खिलाफ अपराधों के मामलों में निष्पक्ष जांच हो और दोष साबित होने पर कानून के अनुसार कड़ी सजा दी जाए।

उन्होंने ऐसे मामलों में त्वरित न्याय सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। भाजपा जिला कांगड़ा अध्यक्ष सचिन शर्मा ने कहा कि जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) से जुड़े प्रोफेसर और कांग्रेस सांसद अगोमचा बिमोल अकोइजम के खिलाफ यौन उत्पीड़न की शिकायतों के मामले में कांग्रेस नेतृत्व की चुप्पी सवाल खड़े करती है।

उन्होंने प्रियंका गांधी के महिला अधिकारों से जुड़े नारों का उल्लेख करते हुए पूछा कि ऐसे मामलों में कांग्रेस का रुख स्पष्ट क्यों नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस महिलाओं के मुद्दों पर चुनिंदा तरीके से आवाज उठाती है। भाजपा नेताओं ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और न्याय के मुद्दों पर पार्टी अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी।

उन्होंने संबंधित मामलों में निष्पक्ष कार्रवाई और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की।

बाईट: सुधीर शर्मा, भाजपा विधायक, धर्मशाला एवं पूर्व मंत्री

बाईट: सरवीन चौधरी, भाजपा नेत्री एवं पूर्व मंत्री

बाईट: सचिन शर्मा, जिला अध्यक्ष, संगठनात्मक जिला, कांगड़ा

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।