महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और आर्थिक आत्मनिर्भरता विकास के साथ जरूरी: शिवराज सिंह चौहान
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
रायपुर, 25 नवंबर 2026
केंद्रीय कृषि और किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और आर्थिक आत्मनिर्भरता देश के विकास के साथ सुनिश्चित की जानी चाहिए। नई दिल्ली में आज लैंगिक समानता को बढ़ावा देने वाले राष्ट्रीय अभियान नई चेतना – पहल बदलाव की के पांचवें संस्करण में उन्होंने यह बात कही।
श्री चौहान ने कहा कि महिला सशक्तिकरण का अर्थ केवल उनके अधिकारों की रक्षा करना नहीं है, बल्कि उन्हें नेतृत्व करने, निर्णय लेने और सामाजिक तथा आर्थिक विकास में समान भागीदारी के अवसर देना भी है। उन्होंने कहा कि महिला स्वयं सहायता समूह जागरूकता फैलाने और जरूरतमंद महिलाओं तक सहायता पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
इस अवसर पर केंद्रीय महिला और बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने भी महिला सशक्तिकरण, सुरक्षा और समानता के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि महिलाओं से जुड़ी चुनौतियों के समाधान के लिए सरकारी विभागों और समाज को मिलकर प्रयास करने की जरूरत है।
इस अभियान की एक प्रमुख विशेषता 15 मंत्रालयों और विभागों की संयुक्त अंतर-मंत्रालयी सलाह है। इसका उद्देश्य महिलाओं की आजीविका, वित्तीय सुविधाओं तक पहुंच, सुरक्षा और संस्थागत सहायता से जुड़ी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए समन्वय मजबूत करना है। इस अभियान के शुभारंभ के दौरान हिंसा मुक्त गांव पहल के तहत चार पक्षों के बीच एक समझौता भी किया गया।
इसके माध्यम से गांवों में हिंसा की रोकथाम, कानूनी जागरूकता और न्याय तक पहुंच को मजबूत किया जाएगा। 23 दिसंबर तक चलने वाला यह अभियान सामुदायिक भागीदारी और विभिन्न संस्थानों के समन्वित प्रयासों से महिलाओं को सशक्त बनाने, लैंगिक समानता को बढ़ावा देने और उनके खिलाफ हिंसा की रोकथाम पर केंद्रित है।
यह अभियान दीनदयाल अंत्योदय योजना – राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत चलाया जा रहा है। इस वर्ष इसकी थीम है – पहुंच से अधिकार संपन्नता तक : विकसित भारत के लिए आजीविका और समान अवसरों के माध्यम से महिला सशक्तिकरण।