मैकेनाइज्ड इनफेंट्री के अधिकारियों ने किया पेंशन संबंधी समस्याओं का निवारण
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
अक्तूबर 30, हमीरपुर (हिमाचल प्रदेश): भारतीय थल सेना की मैकेनाइज्ड इनफेंट्री रेजिमेंट के अधिकारियों ने ‘मिशन निरंतर मिलाप 1.0’ अभियान के तहत आज ईसीएचएस पॉलीक्लीनिक के परिसर में पेंशन समस्या निवारण शिविर आयोजित किया। ईसीएचएस पॉलीक्लीनिक के प्रभारी कर्नल (सेवानिवृत्त) चंद्रशेखर ने इस शिविर का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर उन्होंने मैकेनाइज्ड इनफेंट्री रेजिमेंट के अहमदनगर (महाराष्ट्र) सेंटर से आए अधिकारियों एवं सैनिकों का स्वागत किया तथा भूतपूर्व सैनिकों एवं उनके परिजनों की सुविधा हेतु शिविर आयोजित करने के लिए धन्यवाद भी किया। उन्होंने कहा कि भूतपूर्व सैनिकों और उनके परिजनों की सुविधा के लिए यह बहुत ही अच्छी पहल है।
शिविर के दौरान मैकेनाइज्ड इनफेंट्री रेजिमेंट के अधिकारियों ने जिला के भूतपूर्व सैनिकों एवं उनके परिजनों का मार्गदर्शन किया तथा उनकी कई पेंशन संबंधी समस्याओं का मौके पर ही निवारण कर दिया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में उपस्थित भूतपूर्व सैनिकों एवं उनके परिजनों को विभिन्न सुविधाओं की जानकारी भी दी गई तथा सुविधाओं से संबंधित दस्तावेज एवं पंफलेट भी वितरित किए गए।