मैनपुरी में आपदा प्रभावित किसानों को मुआवजा वितरित किया गया
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
मैनपुरी में चक्रवात और भारी बारिश से फसलों को हुए नुकसान के बाद मैनपुरी में प्रभावित किसानों को मुआवजा राशि वितरित की गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम के सजीव प्रसारण के उपरांत तहसील सदर में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष ममता राजपूत और जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने प्रभावित किसानों को प्रतीकात्मक चेक प्रदान किए।जिलाध्यक्ष ममता राजपूत ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने तथा कृषि को लाभकारी बनाने के लिए प्रयासरत है।
किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक, उन्नत बीज और कृषि यंत्रों पर अनुदान उपलब्ध कराया जा रहा है |जिलाधिकारी ने बताया कि पिछले महीने चक्रवात और भारी बारिश से फसलों को हुए नुकसान का राजस्व और कृषि विभाग की संयुक्त टीमों से सर्वे कराया गया। उन्होंने कहा कि दस दिन के भीतर प्रभावित किसानों के बैंक खातों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से निर्धारित मुआवजा राशि भेज दी गई।कार्यक्रम में संजीव कुमार, रेखा, सुमन चौहान, असित कुमार, प्रवेश कुमार, रामकिशन, सिराज अजीज, यादराम, अजय कुमार और सुनील कुमार को मुआवजे के प्रतीकात्मक चेक दिए गए।
प्रशासन के अनुसार, आपदा में जनहानि के मामलों में मृतकों के आश्रितों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता पहले ही उपलब्ध कराई जा चुकी है। बेघर परिवारों को मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत पक्के आवास तथा आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त मकानों के स्वामियों को नियमानुसार राहत राशि दी गई है।कार्यक्रम का सजीव प्रसारण जिले की सभी तहसीलों में किया गया।
इस दौरान उप जिलाधिकारी सदर श्याम प्रताप सिंह, तहसीलदार प्रकाश चौधरी सहित अन्य अधिकारी और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।