मैनपुरी के सिमरऊ गांव में जल अर्पण कार्यक्रम आयोजित
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
मैनपुरी की करहल तहसील के सिमरऊ गांव में जल-जीवन मिशन के तहत बनाई गई ग्रामीण पेयजल परियोजना को लेकर आज जल अर्पण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान भारत सरकार के जल शक्ति मंत्रालय के संयुक्त सचिव डी. सेंथिल पांडियन, जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी और केंद्र व अन्य राज्यों से आए अधिकारियों के दल ने परियोजना का निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सोलर पंप हाउस, ओवरहेड टैंक और पानी की गुणवत्ता जांचने की व्यवस्था देखी।
इसके साथ ही ग्रामीणों और ग्राम पेयजल एवं स्वच्छता समिति के सदस्यों से बातचीत की। संयुक्त सचिव ने बताया कि जल अर्पण कार्यक्रम का उद्देश्य तैयार पेयजल परियोजना को ग्राम पंचायत और ग्रामीणों को सौंपना है, ताकि वे इसके संचालन और रखरखाव की जिम्मेदारी खुद संभाल सकें।उन्होंने पंप ऑपरेटर और समिति के सदस्यों को समय-समय पर तकनीकी प्रशिक्षण देने, पानी के उपभोक्ता शुल्क तय करने और परियोजना के रखरखाव के लिए स्थायी बजट की व्यवस्था करने का सुझाव दिया।
इसके लिए 16वें वित्त आयोग की टाइड ग्रांट का उपयोग करने की बात कही। उन्होंने भूजल स्तर सुधारने के लिए तालाबों का जीर्णोद्धार कराने, वर्षा जल संचयन और सिंचाई नालियों के रखरखाव पर भी जोर दिया।कार्यक्रम में महिला जल-सखी लक्ष्मी और उनकी टीम ने फील्ड टेस्ट किट के माध्यम से पेयजल के नौ मानकों की जांच करके दिखाई।
अधिकारियों को बताया गया कि जल-सखियां हर साल पानी के 200 नमूनों की जांच करती हैं और उनकी रिपोर्ट ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड करती हैं। ग्रामीणों को जल साथी मोबाइल एप के इस्तेमाल की जानकारी भी दी गई।जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने बताया कि इस पेयजल परियोजना का निर्माण 1 करोड़ 18 लाख रुपये की लागत से कराया गया है।
इसके तहत 75 किलोलीटर क्षमता का ओवरहेड टैंक, 7.5 हॉर्स पावर का पंप और 13.2 किलोवाट क्षमता का सोलर सिस्टम लगाया गया है। इस परियोजना से गांव के 186 परिवारों को रोजाना सुबह सात से नौ बजे और शाम चार से छह बजे तक नल से पीने का पानी मिल रहा है।उन्होंने बताया कि सौर ऊर्जा के इस्तेमाल से बिजली की प्रति यूनिट लागत आठ रुपये से घटकर 3.50 रुपये रह गई है।
आपात स्थिति में भी पानी की सप्लाई जारी रखने के लिए जनरेटर की व्यवस्था की गई है। परियोजना का निर्माण नागार्जुन कंस्ट्रक्शन कंपनी ने किया है। कंपनी 18 जनवरी 2025 से अगले 10 वर्षों तक परियोजना का संचालन और रखरखाव करेगी।जम्मू-कश्मीर की जल-जीवन मिशन निदेशक अनू मल्होत्रा ने परियोजना के संचालन में महिलाओं की भागीदारी और उनकी तकनीकी जानकारी की सराहना की।
वहीं, ग्रामीणों ने बताया कि पहले उथले हैंडपंपों से दूषित पानी मिलता था, जिससे लोग बीमार पड़ते थे। अब घरों तक साफ पानी पहुंचने से उनके स्वास्थ्य और जीवन स्तर में सुधार हुआ है।कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों ने ग्रामीणों को जल संरक्षण की शपथ दिलाई। वहीं, गोदभराई कार्यक्रम के तहत दो गर्भवती महिलाओं को पोषण किट भी बांटी गई।
इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी संतोष बहादुर सिंह, उप जिलाधिकारी करहल तेजस कृष्णा प्रसाद, विभिन्न विभागों के अधिकारी, ग्राम प्रधान हरेंद्र सिंह तोमर, समिति के सदस्य और ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन परियोजना निदेशक डीआरडीए शोभनाथ चौरसिया ने किया।