अपराध

‘मन की बात': देश भर में नशा मुक्ति के खिलाफ समाज की सक्रिय भागीदारी बढ़ रही है: पीएम

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 29 नवंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
‘मन की बात': देश भर में नशा मुक्ति के खिलाफ समाज की सक्रिय भागीदारी बढ़ रही है: पीएम

रायपुर, 29 नवंबर 2026

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज इस बात का उल्लेख किया कि देश भर में नशा मुक्ति के खिलाफ समाज की सक्रिय भागीदारी बढ़ रही है और नशा मुक्त युवा अभियान भी पूरी गति से चल रहा है। आकाशवाणी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम में आज सुबह अपने विचार साझा करते हुए श्री मोदी ने कहा कि भारत के युवाओं की प्रतिभा की चर्चा आज पूरी दुनिया में हो रही है और वे बड़े सपने देख रहे हैं तथा उन्हें साकार करने के लिए पूरी मेहनत कर रहे हैं। हालांकि, उन्होंने कहा कि नशाखोरी उनकी आकांक्षाओं के लिए एक बड़ी चुनौती बनकर उभरी है।

कार्यक्रम के दौरान, प्रधानमंत्री ने एक ऐसे युवक से बातचीत की, जिसने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति से बेहद कठिन परिस्थितियों का सामना करने के बाद नशे की लत पर विजय प्राप्त की है। युवक ने कहा कि शुरुआत में ये चीजें बहुत आनंददायक लगती हैं, लेकिन इसके परिणाम न केवल उस व्यक्ति को, बल्कि उसके परिवार को भी भुगतने पड़ते हैं। उसने कहा कि इसमें कोई लाभ नहीं है, बल्कि केवल हानि ही है।

श्री मोदी ने कहा कि इस युवक की कहानी उन अनेक युवाओं को प्रेरित करेगी जो नशे की लत से छुटकारा पाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि परिवारों और राष्ट्र के लिए यह अत्यंत महत्वपूर्ण है कि युवा पीढ़ी नशे से मुक्त रहे।

डिजिटल प्लेटफॉर्म आईगॉट कर्मयोगी का जिक्र करते हुए श्री मोदी ने कहा कि देश भर में लाखों सरकारी कर्मचारी कुछ नया सीखने के लिए बहुत उत्साह दिखा रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘यह प्लेटफॉर्म सरकारी कर्मचारियों के लिए 17 भारतीय भाषाओं में सात हजार से अधिक पाठ्यक्रम उपलब्ध कराता है। लाखों सरकारी कर्मचारियों ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से लेकर भारतीय सांकेतिक भाषा सीखने तक के विभिन्न पाठ्यक्रम पूरे किए हैं।’ प्रधानमंत्री ने कहा कि नागरिक देवो भव मिशन कर्मयोगी का मूल मंत्र है और लाखों सरकारी कर्मचारियों में सीखने का यह उत्साह विकसित भारत की यात्रा में एक जबरदस्त ताकत है।

एक अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म, संचार साथी को लेकर श्री मोदी ने बताया कि यह खोए हुए मोबाइल फोन बरामद करने में उपयोगी साबित हुआ है। उन्होंने कहा, ‘इस पोर्टल पर 30 करोड़ से अधिक विजिट हो चुके हैं और इसका ऐप लगभग तीन करोड़ बार डाउनलोड किया जा चुका है। इस प्रणाली के माध्यम से अब तक 5 हजार करोड़ रुपये से अधिक के संभावित नुकसान को रोका जा चुका है। यह ऐप 23 भाषाओं में उपलब्ध है और इसका उपयोग करना बहुत आसान है।’

श्री मोदी ने बताया कि पुणे के हिमांशु सिंह ने ‘संचार साथी’ पर 300 से अधिक धोखाधड़ी करने वालों के नंबरों की रिपोर्ट की। इस कारण पिछले एक साल में लगभग 18 हजार मोबाइल कनेक्शन रद्द किए गए। प्रधानमंत्री ने कहा कि आंध्र प्रदेश के नेल्लोर के विवेक अलहारी ने एक जागरूक नागरिक की भूमिका निभाते हुए संचार साथी प्लेटफॉर्म पर 900 से अधिक फर्जी नंबर साझा किए। उन्होंने कहा कि श्री अलहारी के प्रयासों के कारण लगभग 17 हजार मोबाइल कनेक्शन काटे गए हैं।

श्री मोदी ने कहा कि पटना स्थित बिहार संग्रहालय ने विश्व के 100 सर्वश्रेष्ठ संग्रहालयों की सूची में 9वां स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने कहा कि इस सूची में बिहार संग्रहालय एशिया में पहले स्थान पर है। प्रधानमंत्री ने बताया कि यह पेरिस के लूव्र संग्रहालय और न्यूयॉर्क के मेट संग्रहालय से आगे है।

उन्होंने कहा कि गुजरात के वड़नगर में अनंत अनादि वड़नगर पुरातात्विक प्रायोगिक संग्रहालय नामक एक अनूठा संग्रहालय है। श्री मोदी ने कहा कि वड़नगर में पुरातत्व विभाग द्वारा की गई खुदाई के दौरान विभिन्न ऐतिहासिक काल की कई कलाकृतियां मिली हैं और संग्रहालय में पांच हजार से अधिक प्राचीन कलाकृतियों को प्रदर्शित किया गया है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत ने कला जगत में भी एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने बताया कि इटली के बेहद प्रतिष्ठित कला जगत के ओलंपिक मानेजाने वाले वेनिस आर्ट बिएनाले में भारत के पवेलियन में लगभग साढ़े चार लाख लोगों ने शिरकत की। श्री मोदी ने कहा कि विश्वभर के दर्शकों ने भारत के पवेलियन को सर्वश्रेष्ठ चुना। उन्होंने कहा कि भारतीय कलाकारों ने यह साबित कर दिया है कि जब भारत की पारंपरिक कलाओं को नए अंदाज में प्रस्तुत किया जाता है, तो वे पूरी दुनिया को मंत्रमुग्ध कर देती हैं।

प्रधानमंत्री ने जानकारी दी कि कला, वास्तुकला और डिजाइन का एक भव्य उत्सव, इंडिया बिएनाले, अगले महीने के पहले सप्ताह से दिल्ली में शुरू होगा। उन्होंने कहा कि पूरे 108 दिनों तक देश के ऐतिहासिक स्मारक, संग्रहालय और कला दीर्घाएँ इस उत्सव का हिस्सा बनेंगी। उन्होंने सभी से अपने बच्चों के साथ इस आयोजन में शामिल होने का आग्रह किया। श्री मोदी ने कहा कि लोग विरासत के बारे में जितना अधिक जानेंगे, भारत को समझने की यात्रा उतनी ही समृद्ध होगी।

प्रधानमंत्री ने इस बात का उल्लेख किया कि भारतीय गुड़ की मिठास नए बाजारों तक पहुंच रही है। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु के इरोड से प्राप्त जैविक ताड़ का गुड़ पहली बार यूरोप पहुंचा है। श्री मोदी ने कहा कि भारतीय चॉकलेट भी वैश्विक स्तर पर अपनी एक अलग पहचान बना रही है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष चॉकलेट और कोको आधारित उत्पादों के निर्यात में लगभग 25 प्रतिशत की वृद्धि हुई।

चॉकलेट और गुजरात के कच्छ क्षेत्र के बीच संबंध का उल्लेख करते हुए श्री मोदी ने कहा कि अमूल स्थानीय ऊंट पालकों द्वारा उपलब्ध कराए गए दूध का उपयोग चॉकलेट-केसर स्वाद वाले दूध और राजभोग आइसक्रीम के उत्पादन में करता है। उन्होंने कहा कि सरहद डेयरी में ऊंटनी के दूध का दैनिक संग्रहण चार गुना बढ़ गया है, जो एक हजार 300 लीटर से बढ़कर पांच हजार 500 लीटर हो गया है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि सूरत की श्मिटन चॉकलेट भी ‘मेड इन इंडिया’ फाइन चॉकलेट ब्रांड के रूप में वैश्विक स्तर पर अपनी एक अलग पहचान बना रही है।

श्री मोदी ने इस बात पर प्रसन्नता व्यक्त की कि फिट इंडिया अभियान के अंतर्गत ‘संडे ऑन साइकिल’ पहल ने 100 संस्करण पूरे कर लिए हैं। उन्होंने कहा कि दिसंबर 2024 में इसकी शुरुआत से लेकर अब तक एक भी रविवार ऐसा नहीं बीता जब इसका आयोजन न हुआ हो। प्रधानमंत्री ने बताया कि 30 हजार से अधिक स्थानों पर 37 लाख से अधिक लोग इसमें शामिल हो चुके हैं।

श्री मोदी ने बताया कि 2032 यूसीआई रोड वर्ल्ड चैंपियनशिप पुणे में आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि भारत खेलों में लगातार नए मुकाम हासिल कर रहा है। उन्होंने कहा, ‘भारतीय फुटबॉल टीम ने रिकॉर्ड 10वीं बार एसएएफएएफ चैंपियनशिप जीती; लक्ष्य सेन ने जर्मनी और जापान में लगातार दो सुपर 500 खिताब जीते और कुमामोटो मास्टर्स जीतने वाले पहले भारतीय बने।

प्रधानमंत्री ने कहा कि पी.वी. सिंधु ने हिलो ओपन जीतकर भारत के लिए एक और खिताब अपने नाम किया। उन्होंने यह भी बताया कि 8वें खेलो इंडिया यूथ गेम्स 11 से 22 दिसंबर तक तेलंगाना के छह शहरों में आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने इस आयोजन के लिए सभी खिलाड़ियों और एथलीटों को शुभकामनाएं दीं।

श्री मोदी ने लोगों को अपने आहार में तेल का उपयोग 10 प्रतिशत कम करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि मोटापा देश के लिए एक बड़ी चुनौती है और लोगों को इसे कभी भी अनदेखा नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा कि बढ़ते मोटापे से कई स्वास्थ्य समस्याएं उत्पन्न होती हैं, इसलिए आहार और व्यायाम के प्रति सचेत रहना आवश्यक है।

श्री मोदी ने कनाडा के साई धाम फूड बैंक का उल्लेख किया। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी भूखा न सोए। उन्होंने कहा कि इस पहल के अंतर्गत ग्रेटर टोरंटो और हैमिल्टन क्षेत्रों में हर महीने लगभग 60 हजार लोगों की सहायता की जा रही है। इस फूड बैंक से बुजुर्गों और दिव्यांगजनों तक भी भोजन पहुंचता है। श्री मोदी ने कहा कि कनाडा के रेड एफएम से जुड़े कुलविंदर संघेरा भी इसी तरह के एक सराहनीय प्रयास में लगे हुए हैं। उन्होंने कहा कि श्री संघेरा ने सामुदायिक रेडियो को लोगों को जोड़ने और सेवा-उन्मुख कार्य करने के माध्यम में बदल दिया है।

श्री मोदी ने सिख गुरुओं के अद्भुत चित्र बनाने वाले शोभा सिंह को उनकी 125वीं जयंती पर याद किया। उन्होंने भारतीय संविधान के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले बी.एन. राउ को भी याद किया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि लोग हर महीने ‘मन की बात’ को जो संदेश भेजते हैं, उनसे उन्हें देश के विभिन्न हिस्सों में चल रही उल्लेखनीय पहलों के बारे में जानने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि जनता के प्रयासों के कारण ही इतने सारे लोगों द्वारा किए गए अच्छे कार्यों को पूरे देश के सामने लाया जा सकता है।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।