मनाली से केलांग जा रहे स्कूटर की टेंपो से हुई भिड़ंत, दोनों घायलों का क्षेत्रीय अस्पताल केलांग में चल रहा उपचार
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
अक्तूबर 15,लाहौल-स्पीति (हिमाचल प्रदेश): जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति के महाल जगला के पास बुधवार शाम स्कूटर और टेंपो के बीच टक्कर हो गई। इस सड़क हादसे में स्कूटर पर सवार उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद निवासी दो युवक घायल हो गए। हादसे के बाद दोनों घायलों को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल केलांग पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा बुधवार शाम करीब पांच बजे पटवार वृत्त गोंधला के अंतर्गत महाल जगला में हुआ। स्कूटर संख्या HP 66A 1765 मनाली से केलांग की ओर जा रहा था, जबकि छोटा हाथी टेंपो संख्या HP 66A 8360 केलांग की ओर से मनाली की तरफ जा रहा था। इसी दौरान दोनों वाहनों के बीच टक्कर हो गई।
हादसे में स्कूटर सवार 27 वर्षीय प्रशांत गौतम पुत्र हरि दत्त के सिर में चोट आई, जबकि 24 वर्षीय अंकित पुत्र गजेंद्र सिंह के पैर में चोट लगी। दोनों युवक उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के रहने वाले हैं। घटना की सूचना पटवारी गोंधला से प्राप्त हुई है। हादसे में घायल दोनों युवकों को तत्काल क्षेत्रीय अस्पताल केलांग पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।