देश

मंडल की समीक्षा बैठक में योजनाओं की प्रगति की समीक्षा

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 6 नवंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
मंडल की समीक्षा बैठक में योजनाओं की प्रगति की समीक्षा

रायपुर, 6 नवंबर 2026

छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल मुख्यालय में आज मंडल की योजनाओं एवं निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष अनुराग सिंह देव ने की। मंडल आयुक्त अवनीश कुमार शरण सहित मुख्यालय एवं विभिन्न प्रक्षेत्रों के अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में अटल विहार योजना, सामान्य आवास योजना, प्रधानमंत्री सह मुख्यमंत्री आवास योजना, निक्षेप कार्य, रिडेवलपमेंट योजना और वन टाइम सेटलमेंट योजना-2 की विस्तृत समीक्षा की गई। मंडल अध्यक्ष ने प्रत्येक परियोजना की योजनावार प्रगति, निर्माण कार्यों की स्थिति, पूर्ण एवं निर्माणाधीन इकाइयों, वित्तीय प्रगति, संपत्तियों के विक्रय और क्रियान्वयन में आ रही व्यावहारिक समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने लंबित कार्यों में तेजी लाने और परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

बैठक में बताया गया कि मंडल की कुल संपत्तियों में से अब तक लगभग 77 प्रतिशत का विक्रय हो चुका है। वर्तमान में मंडल की 888 करोड़ रुपये की बुकिंग लाइव है। शहरी क्षेत्रों में आवासीय परिसंपत्तियों के बेहतर उपयोग और पुनर्विकास के लिए 10 रिडेवलपमेंट योजनाओं पर काम किया जा रहा है। इनमें से 5 योजनाओं के टेंडर जारी हो चुके हैं और शेष 5 योजनाओं को मंत्रिपरिषद की स्वीकृति मिल चुकी है।

वन टाइम सेटलमेंट योजना-2 के अंतर्गत अब तक लगभग 65 प्रतिशत बुकिंग हो चुकी है। दुर्ग एवं बिलासपुर प्रक्षेत्रों ने लगभग 80 प्रतिशत से अधिक बुकिंग का लक्ष्य हासिल किया है। मंडल अध्यक्ष ने बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रक्षेत्रों की सराहना की और अन्य प्रक्षेत्रों को बुकिंग में तेजी लाने के निर्देश दिए।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।