अपराध

मंडला- कान्हा से लगे ग्राम भानपुर खेड़ा पहुंचे कलेक्टर, स्वास्थ्य शिविर का लिया जायजा

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 21 सितंबर 2026 👁️ 1 बार पढ़ा गया
प्रकाशक: जनता का संदेश
मंडला- कान्हा से लगे ग्राम भानपुर खेड़ा पहुंचे कलेक्टर, स्वास्थ्य शिविर का लिया जायजा

कलेक्टर श्री धोटे ने ग्रामीणों से संवाद के दौरान शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी तथा पात्र हितग्राहियों से योजनाओं का लाभ लेने की अपील की। उन्होंने ग्रामीणों से स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, आजीविका सहित अन्य आवश्यकताओं के संबंध में जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दूरस्थ एवं जनजातीय अंचलों के प्रत्येक पात्र परिवार तक शासन की योजनाओं और सुविधाओं की पहुंच सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है।

कलेक्टर ने स्वास्थ्य शिविर में मौजूद डॉक्टरों एवं स्वास्थ्य अमले से चर्चा कर निर्देश दिए कि दूरस्थ अंचल के प्रत्येक ग्रामीण तक स्वास्थ्य सुविधाएं सहज रूप से पहुंचें। उन्होंने कहा कि कान्हा से लगे ग्रामों में मलेरिया, सिकल सेल, एनीमिया जैसी बीमारियों की नियमित स्क्रीनिंग अत्यंत आवश्यक है। साथ ही चिन्हित मरीजों का समय पर उपचार एवं फॉलोअप सुनिश्चित किया जाए।

क्षेत्र के ग्राम जेलवारा में भी विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। सीईओ जिला पंचायत श्री शाश्वत सिंह मीना ने शिविर में पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। शिविर में कुल 75 मरीजों की ओपीडी हुई। इनमें 6 गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच की गई, 1 बच्चे का टीकाकरण किया गया तथा 1 हितग्राही का आयुष्मान कार्ड बनाया गया। मलेरिया की जांच के लिए 18 लोगों की आरडीटी जांच की गई, जिसमें सभी 18 की रिपोर्ट निगेटिव रही। वहीं 20 लोगों का सिकल सेल टेस्ट किया गया, सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई।

ग्राम भानपुर खेड़ा में आयोजित स्वास्थ्य शिविर में 81 मरीजों की ओपीडी हुई। सभी 81 मरीजों का हीमोग्लोबिन परीक्षण किया गया। 33 लोगों की मलेरिया हेतु आरडीटी जांच तथा 9 लोगों की सिकल सेल जांच की गई। जांच के दौरान 7 लोगों में उच्च रक्तचाप तथा 4 लोगों में मधुमेह की पहचान हुई। चिन्हित मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श एवं आवश्यक दवाइयां प्रदान की गईं।

कलेक्टर श्री धोटे ने स्वास्थ्य शिविरों में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए निर्देशित किया कि चिन्हित हाई-रिस्क मरीजों का फॉलोअप अनिवार्य रूप से किया जाए तथा दूरस्थ ग्रामों में नियमित स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन जारी रखा जाए। उन्होंने ग्रामीणों से भी स्वास्थ्य संबंधी किसी भी समस्या को नजरअंदाज न करते हुए समय पर जांच एवं उपचार कराने की अपील की।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।