राज्य

मंगल भवन के बाद अब गंगू बाबा बरातशाला की सौगात:कानपुर में 21 हजार में होगी बेटी की शादी, जनवरी से शुरू होगी बुकिंग

लेखक: JKS News Desk अंतिम अपडेट: 13 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
मंगल भवन के बाद अब गंगू बाबा बरातशाला की सौगात:कानपुर में 21 हजार में होगी बेटी की शादी, जनवरी से शुरू होगी बुकिंग

कानपुर में मंगल भवन की कमेटी को लेकर एक तरफ महापौर और नगर आयुक्त के बीच खींचतान चल रही है। वहीं दूसरी ओर शहरवासियों को एक और सस्ती बारातशाला की सुविधा मिलने जा रही है। फजलगंज के गड़रियनपुरवा में बन रही गंगू बाबा बारातशाला का करीब 80 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। साल 2027 जनवरी से यहां बुकिंग शुरू होने की उम्मीद है।

नगर निगम ने इस बारातशाला का निर्माण अवस्थापना निधि से करीब 2 करोड़ रुपए की लागत से कराया है। करीब 3500 वर्गमीटर में बनी इस बारातशाला में शादी समारोह के लिए एक लॉन, हॉल, बुफे एरिया और छह कमरे बनाए गए हैं। यहां वाहनों की पार्किंग के लिए भी पर्याप्त जगह उपलब्ध होगी, जिससे कार्यक्रम में आने वाले लोगों को वाहन खड़े करने में परेशानी नहीं होगी।

अंत्योदय कार्डधारकों को सबसे सस्ती सुविधा नगर निगम ने अलग-अलग वर्गों के लिए बारातशाला का किराया तय किया है। अंत्योदय कार्डधारक यहां 21 हजार रुपए में कार्यक्रम करा सकेंगे। ईडब्ल्यूएस प्रमाणपत्र वालों (नगर निगम, जलकल या अन्य विभाग) के लिए 51 हजार रुपए किराया निर्धारित किया गया है। वहीं, सामान्य वर्ग के लोगों को बारातशाला बुक कराने के लिए 71 हजार रुपए देने होंगे।

सामूहिक विवाह कराने वाले पंजीकृत एनजीओ के लिए भी अलग बुकिंग रेट तय किए गए हैं। एक से 11 जोड़ों के विवाह के लिए 11 हजार रुपए, 12 से 21 जोड़ों के लिए 51 हजार रुपए और 22 से 51 जोड़ों के विवाह के लिए एक लाख रुपए में बारातशाला बुक की जाएगी। 27 लाख रुपए में दिया फर्नीचर का ठेका नगर निगम के संपत्ति विभाग के कोऑर्डिनेटर चंद्रेश ने बताया कि बारातशाला का ज्यादातर काम पूरा हो चुका है।

फर्नीचर के लिए 27 लाख रुपए का ठेका दिया गया है। बचे हुए काम पूरे कराए जा रहे हैं। जनवरी से बुकिंग शुरू करने की तैयारी है। मंगल भवन में नौ महीने में 94 बुकिंग बृजेंद्र स्वरुप पार्क में बने मंगल भवन की भी शादी समारोह के लिए लोगों की अच्छी मांग है। गरीब परिवारों की बेटियों की शादी के उद्देश्य से बनाए गए इस भवन को जनवरी में शुरू किया गया था।

संपत्ति विभाग के आंकड़ों के अनुसार, 9 महीने में यहां 94 बुकिंग हुईं और नगर निगम को 20 लाख 12 हजार 519 रुपए की आय हुई। जनवरी में सबसे ज्यादा 23 बुकिंग की गईं और मार्च में सबसे कम दो, मई में पांच और अप्रैल में सात बुकिंग हुईं हैं। फिलहाल मंगल भवन में लगातार बुकिंग आ रही हैं। ऐसे में गंगू बाबा बारातशाला शुरू होने से शहरवासियों को शादी समारोह के लिए एक और विकल्प मिल सकेगा।

गंगू बाबा बारातशाला का अधिकांश काम पूरा हो चुका है। करीब तीन महीने पहले इसे नगर निगम के संपत्ति विभाग को हैंडओवर कर दिया गया था। - आरके सिंह, प्रोजेक्ट इंचार्ज

📡 स्रोत: NewsData.io

📰 पूरी खबर पढ़ें (NewsData.io पर जाएं)
J
JKS News Desk

जनता का संदेश की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।