मतदाता सूची में नाम शामिल करने का विशेष अभियान आज से
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
08 अक्तूबर 2026, देहरादून: प्रदेश में मतदाता सूची में नाम शामिल करने के लिए विशेष अभियान शुरू हो रहा है। 20 अक्टूबर तक चलने वाले इस अभियान के तहत आज से 10 अक्टूबर तक प्रदेश के सभी 12 हजार 543 मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर लगाए जाएंगे। इसके बाद 12 से 20 अक्टूबर तक बूथ लेवल अधिकारी घर-घर जाकर सत्यापन करेंगे।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने बताया कि विशेष शिविरों में बूथ लेवल अधिकारी प्री-एसआईआर और एसआईआर अभियान के तहत अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत और डुप्लिकेट सूची में शामिल मतदाताओं का सत्यापन करेंगे और पात्र मतदाताओं की बूथवार सूची तैयार करेंगे।
इसके बाद 12 से 20 अक्टूबर तक बीएलओ घर-घर जाकर चिन्हित मतदाताओं को नाम शामिल करने के लिए फॉर्म-6 भरवाएंगे। बीएलओ वर्तमान मतदाता सूची का एसआईआर से पहले की सूची से मिलान करेंगे और ऐसे लोगों की पहचान करेंगे, जिनका नाम पहले की सूची में था, लेकिन मौजूदा सूची में नहीं है।
घर-घर सत्यापन के दौरान उन लोगों के भी फॉर्म-6 भरवाए जाएंगे, जो एक अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर मतदाता बनने के पात्र हो चुके हैं। इस अभियान में राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट और बूथ जागरूकता समूह के सदस्य भी शामिल रहेंगे।