राजनीति

मतदाता सूची की विसंगतियों को लेकर निर्वाचन पदाधिकारी से मिला मध्यप्रदेश कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल, SIR प्रक्रिया पर उठाए सवाल

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 28 अक्टूबर 2026 👁️ 1 बार पढ़ा गया
प्रकाशक: जनता का संदेश
मतदाता सूची की विसंगतियों को लेकर निर्वाचन पदाधिकारी से मिला मध्यप्रदेश कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल, SIR प्रक्रिया पर उठाए सवाल

भोपाल। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत मतदाता सूची में कथित विसंगतियों और पात्र मतदाताओं के नाम छूटने के मुद्दे को लेकर मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रतिनिधिमंडल ने वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं SIR कमेटी के अध्यक्ष सज्जन सिंह वर्मा के नेतृत्व में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय पहुंचकर अधिकारियों से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपते हुए मतदाता सूची की शुद्धता, पारदर्शिता और प्रत्येक पात्र नागरिक के मतदान के अधिकार को सुनिश्चित करने की मांग की।

कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि SIR के अंतर्गत 22 फरवरी 2026 को प्रकाशित ड्राफ्ट मतदाता सूची को निरस्त किया जाए। साथ ही, पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान फॉर्म-6 के माध्यम से नाम जुड़वाने से वंचित रह गए पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल किए जाएं, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।

प्रतिनिधिमंडल ने यह मुद्दा भी उठाया कि वर्ष 2003 से संबंधित जानकारी उपलब्ध नहीं करा पाने या लॉजिकल डिस्क्रिपेंसी (तार्किक विसंगतियों) के कारण मतदाता सूची से बाहर हुए लोगों को अपना पक्ष रखने और आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने का उचित अवसर दिया जाए। कांग्रेस ने मांग की कि ऐसे पात्र लोगों के नाम जोड़ने की प्रक्रिया पूरी करने के बाद ही अंतिम मतदाता सूची जारी की जाए।

कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने फॉर्म-7 दाखिल करने का अधिकार केवल संबंधित बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) को देने की मांग भी रखी। इसके अलावा, प्रतिनिधिमंडल ने सभी चुनाव मतपत्र के माध्यम से कराने की मांग उठाई।

इस अवसर पर सज्जन सिंह वर्मा के साथ वरिष्ठ नेता जे.पी. धनोपिया, मतदाता सूची प्रभारी ललित सैन, इरफान खान, आरिफा खान, ग्रामीण कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अनोखी मानसिंह पटेल, शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रवीण सक्सेना और भोपाल जिला कांग्रेस प्रभारी मनोज राजानी सहित अन्य कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, प्रतिनिधिमंडल ने मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने और सभी पात्र नागरिकों के मतदान के अधिकार की रक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने पर जोर दिया।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।