मौन मुखर महोत्सव में कविताओं ने जगाई संवेदना, तालियों से गूंजा सभागार
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
मौन मुखर महोत्सव में कविताओं ने जगाई संवेदना, तालियों से गूंजा सभागार आईआईएमटी विश्वविद्यालय में ‘मंच पर कविता’ कवि सम्मेलन, विष्णु पारस को ‘मेरठ मौन मुखर सम्मान-2026’ से नवाजा मेरठ। शब्दों में सामाजिक पीड़ा, कहीं राष्ट्रप्रेम का जज्बा तो कहीं मानवीय संवेदनाओं की गहराई। कुछ ऐसा ही नजारा शनिवार को आईआईएमटी विश्वविद्यालय में आयोजित ‘मेरठ मौन मुखर महोत्सव’ के अंतर्गत कवि सम्मेलन ‘मंच पर कविता’ में देखने को मिला। मौन मुखर पत्रिका की ओर से आयोजित समारोह में कवियों ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं को भावुक करने के साथ उनमें जोश और उत्साह भी भरा। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ.
रामकुमार गुप्ता, कुलाधिपति योगेश मोहनजी गुप्ता और चौधरी कल्याण सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान वरिष्ठ गीतकार विष्णु पारस को ‘मेरठ मौन मुखर सम्मान-2026’ से सम्मानित किया गया। डॉ.
रामकुमार गुप्ता ने भारत भूषण के गीत की प्रभावशाली प्रस्तुति देकर सभागार को तालियों से गूंजा दिया। चौधरी कल्याण सिंह ने किसान और आम आदमी की आर्थिक परेशानियों को कविता में उकेरा, वहीं मनदीप मधुर ने गरीब किसान की बेटी के विवाह की पीड़ा को शब्द दिए। कवयित्री डॉ.
रुचि चतुर्वेदी ने मां चंडी की वंदना और अपनी भावपूर्ण रचनाओं से श्रोताओं को प्रभावित किया। संजीव भ्रमर ने निर्धन परिवारों की बेटियों की पीड़ा और राष्ट्रप्रेम को अभिव्यक्ति दी। सत्यपाल सत्यम ने व्यंग्य के जरिए सामाजिक और राजनीतिक विसंगतियों पर प्रहार किया। विष्णु पारस की संवेदनशील रचनाओं और मनवीर मधुर की रामभक्ति एवं वीर रस से ओतप्रोत कविताओं पर खूब तालियां बजीं।
कवि सम्मेलन की अध्यक्षता करते हुए कुलाधिपति योगेश मोहनजी गुप्ता ने कहा कि जो समाज में क्रांति और चेतना जगाए, वही सच्चा कवि है। कवियों ने हमेशा अपनी रचनाओं के माध्यम से आम जनता की पीड़ा सत्ता तक पहुंचाई है। आज भी साहित्यकारों को सामाजिक समस्याओं, भूख, शिक्षा और न्याय जैसे मुद्दों पर समाज को जागरूक करने की जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
इस अवसर पर डॉ.
संदीप गर्ग, डॉ. रवि राणा, प्रवेन्द्र भड़ाना, विवेक भटनागर, डॉ.
प्रभात राय, यशपाल सिंह फक्कड़ सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। मौन मुखर पत्रिका के अध्यक्ष अनुराग दुबलिश और संपादक एवं संयोजक संजीव भ्रमर ने अतिथियों का स्वागत किया। संचालन एकता शर्मा ने किया।
📡 स्रोत: NewsData.io