राज्य

मेडिकल कॉलेजों की मेस में अब वेज-नॉनवेज के लिए अलग किचन, त्योहारों को देखते हुए छात्रहित में चिकित्सा शिक्षा विभाग का आदेश

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 17 सितंबर 2026 👁️ 2 बार पढ़ा गया
प्रकाशक: जनता का संदेश

भोपाल। मध्यप्रदेश के चिकित्सा महाविद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए मेस व्यवस्था को लेकर चिकित्सा शिक्षा विभाग ने महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं। जिन मेडिकल कॉलेजों की मेस में मांसाहारी भोजन तैयार किया जाता है, वहां शाकाहारी और मांसाहारी भोजन के लिए अलग-अलग किचन की व्यवस्था करनी होगी।

आगामी धार्मिक पर्वों को देखते हुए यह निर्देश जारी किए गए हैं। विभाग का कहना है कि अलग किचन की व्यवस्था से विद्यार्थियों की धार्मिक आस्था और भावनाओं का सम्मान सुनिश्चित किया जा सकेगा। साथ ही भोजन तैयार करने की प्रक्रिया को लेकर किसी प्रकार की आपत्ति या असहज स्थिति उत्पन्न होने की संभावना भी कम होगी।

संचालक चिकित्सा शिक्षा की ओर से जारी निर्देश में सभी संबंधित चिकित्सा महाविद्यालयों को आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है। जिन संस्थानों में मेस के माध्यम से शाकाहारी और मांसाहारी दोनों प्रकार का भोजन उपलब्ध कराया जाता है, वहां दोनों के लिए पृथक रसोई की व्यवस्था करना अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

विभाग के निर्देश के बाद संबंधित चिकित्सा महाविद्यालयों में मेस संचालन व्यवस्था के स्तर पर आवश्यक बदलाव किए जाएंगे।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।