मेरठ में ऑटो खराब होने का झांसा देकर यात्री का:धक्का लगवाने के बहाने उतारा, रोकने पर घसीटा; पैर फ्रैक्चर, आरोपी गिरफ्तार
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →मेरठ के सदर बाजार थाना क्षेत्र में देर रात एक ऑटो चालक ने यात्री को लूटने के लिए अनोखा तरीका अपनाया। ऑटो खराब होने का बहाना बनाकर चालक ने यात्री को धक्का लगाने के लिए नीचे उतारा। यात्री जैसे ही ऑटो से उतरा, चालक उसका बैग लेकर तेजी से भागने लगा। यात्री ने ऑटो को पकड़कर रोकने की कोशिश की तो चालक ने रफ्तार बढ़ा दी।
इसके चलते यात्री सड़क पर काफी दूर तक घिसट गया। इस दौरान उसका पैर फ्रैक्चर हो गया और शरीर पर भी कई जगह चोटें आईं। यह घटना कैंट रेलवे स्टेशन के पास हुई। कंकरखेड़ा के सैनिक विहार निवासी रितुराज सिंह रात करीब एक बजे बेगमपुल चौकी से अपने घर जाने के लिए ऑटो में बैठे थे। टैंक चौराहे के पास सिग्नल पर ऑटो चालक ने वाहन खराब होने की बात कही।
उसने रितुराज से ऑटो में धक्का लगाने के लिए नीचे उतरने को कहा। रितुराज जैसे ही ऑटो से नीचे उतरे, चालक ने मौका मिलते ही उनका बैग उठाया और ऑटो लेकर भाग गया। रितुराज ने शोर मचाते हुए ऑटो रोकने की कोशिश की और उसे पकड़ लिया। चालक ने ऑटो रोकने के बजाय उसकी रफ्तार और बढ़ा दी। इससे रितुराज सड़क पर घिसटते हुए घायल हो गए।
रितुराज के बैग में आधार कार्ड, एटीएम कार्ड, पैन कार्ड, पर्स, चार्जर और मोबाइल रखा था। शिकायत मिलने के बाद सदर बाजार पुलिस ने चालक की तलाश शुरू कर दी। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने कैंट रेलवे स्टेशन से कंकरखेड़ा जाने वाले रास्ते से आरोपी ऑटो चालक विष्णु को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के कब्जे से हल्के हरे रंग का मोटोरोला मोबाइल बरामद किया गया है।
वारदात में इस्तेमाल ऑटो को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है। आरोपी को अब कोर्ट में पेश किया जा रहा है।
📡 स्रोत: NewsData.io