मिर्जापुर में गंगा स्नान के दौरान युवक डूबा:दोस्तों पर पानी में फेंकने का आरोप, SDRF तलाश में जुटी
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →मिर्जापुर के विंध्याचल थाना क्षेत्र में रविवार को कंतित फुटही सीढ़ी घाट पर गंगा स्नान के दौरान 26 वर्षीय युवक गहरे पानी में डूब गया। युवक अपने दोस्तों के साथ स्नान करने गया था। सूचना मिलने पर एसडीआरएफ की टीम ने गंगा में उसकी तलाश शुरू कर दी है। परिजनों ने युवक के दोस्तों पर उसे पानी में फेंकने का आरोप लगाया है, जिसकी पुलिस जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, प्रकाश सरोज (26) पुत्र बिंदुलाल सरोज अपने तीन अन्य साथियों के साथ रविवार को कंतित फुटही सीढ़ी घाट पर गंगा स्नान के लिए पहुंचा था। स्नान करते समय प्रकाश गहरे पानी में चला गया और लापता हो गया। उसके साथ आए दोस्तों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन वे सफल नहीं हो सके।
इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई, जिसके बाद एसडीआरएफ टीम ने मौके पर पहुंचकर तलाश अभियान शुरू किया। परिजनों ने आरोप लगाया है कि शनिवार शाम को प्रकाश का अपने दोस्तों से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। उनका मानना है कि इसी विवाद के चलते दोस्तों ने प्रकाश को जानबूझकर पानी में धकेला होगा।
हालांकि, पुलिस का कहना है कि घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा विस्तृत जांच के बाद ही हो पाएगा। प्रकाश अविवाहित था और अपने चार भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर था। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजन घाट पर पहुंचकर प्रकाश के मिलने का इंतजार कर रहे हैं। पुलिस साथ आए अन्य युवकों से पूछताछ कर रही है और घटना से संबंधित अन्य जानकारी जुटा रही है।
📡 स्रोत: NewsData.io