मिशन-2027 को लेकर गोरखपुर में भाजपा की अहम बैठक
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
गोरखपुर में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े तथा सह प्रभारी जगदीश पटेल के दो दिवसीय गोरखपुर प्रवास के दूसरे दिन शुक्रवार को भाजपा क्षेत्रीय कार्यालय रानीडीहा में संगठन के विभिन्न स्तरों के पदाधिकारियों, मीडिया एवं सोशल मीडिया टीम, जनप्रतिनिधियों तथा वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ क्रमबद्ध बैठकों का आयोजन हुआ।आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव-2027 के दृष्टिगत हुए इस व्यापक संवाद में संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक सक्रिय, प्रभावी तथा जनसंपर्क आधारित बनाने पर विशेष जोर रहा।
लगातार आयोजित बैठकों का उद्देश्य क्षेत्र के 62 विधानसभा क्षेत्रों में संगठन की सक्रियता, कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय, जनप्रतिनिधियों के साथ बेहतर तालमेल तथा पार्टी के अभियानों और कार्यक्रमों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए जमीनी फीडबैक प्राप्त करना रहा। पहले सत्र में क्षेत्रीय संगठन की मजबूती पर व्यापक चर्चा पहले सत्र में क्षेत्रीय पदाधिकारियों, क्षेत्रीय समिति के सदस्यों, जिलाध्यक्षों, जिला महामंत्रियों तथा क्षेत्र में निवास करने वाले प्रदेश पदाधिकारियों के साथ संगठनात्मक विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।
इस दौरान संगठन की वर्तमान गतिविधियों, आगामी कार्यक्रमों तथा जिले से लेकर मंडल, शक्ति केंद्र और बूथ तक संगठनात्मक सक्रियता को और गति देने पर विचार-विमर्श किया गया। बैठक का प्रमुख संदेश ये रहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए संगठन की ताकत का आधार सक्रिय कार्यकर्ता और मजबूत बूथ व्यवस्था है।
प्रत्येक स्तर पर समन्वय और नियमित संवाद को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया। क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय ने प्रदेश प्रभारी के मार्गदर्शन को संगठन के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इस प्रकार का संवाद कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा देने के साथ संगठनात्मक कार्यों को और प्रभावी बनाने में सहायक होगा।