मिशन वात्सल्य जिला चम्बा के बच्चों के लिए बनी संजीवनी
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
अगस्त 11, चंबा (हिमाचल प्रदेश): बच्चों के संरक्षण, शिक्षा, कल्याण एवं समुचित विकास के लिए सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का लाभ जिला चम्बा के पात्र बच्चों तक प्रभावी एवं समयबद्ध रूप से पहुंचाने के लिए भरपूर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में देश के प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित, खुशहाल और सम्मानजनक बचपन प्रदान करने के उद्देश्य से भारत सरकार की केंद्र प्रायोजित मिशन वात्सल्य योजना के अंतर्गत पात्र बच्चों की पहचान की प्रक्रिया को सुदृढ़ करने के साथ-साथ लाभान्वित बच्चों को योजनाओं के तहत मिलने वाली सहायता निरंतर प्रदान की जा रही है।
वर्तमान में इस प्रायोजन कार्यक्रम के अंतर्गत 92 बच्चों को लाभान्वित किया जा रहा है। वहीं 22 नए बच्चों को प्रायोजन योजना के अंतर्गत लाभ प्रदान करने के लिए भी प्रक्रिया युद्ध स्तर पर जारी है। महिला एवं बाल विकास मंत्रालय द्वारा संचालित मिशन वात्सल्य आकांक्षी जिला चम्बा के बच्चों के लिए किसी संजीवनी से कम नहीं है।
उपायुक्त चम्बा ने पात्र बच्चों को नियमानुसार एवं समयबद्ध रूप से आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए हैं। वहीं आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त बजट की उपलब्धता के लिए महिला एवं बाल विकास निदेशालय के साथ आवश्यक पत्राचार करने के निर्देश भी दिए हैं ताकि कोई भी पात्र बच्चा इस योजना के लाभ से वंचित न रहे।