व्यापार

मिठाइयों में मरे कॉकरोच-कीड़े, चाशनी में फफूंद:4 दुकानों का लाइसेंस सस्पेंड, 150 किलो मिठाई और 10 किलो पनीर नष्ट

लेखक: JKS News Desk अंतिम अपडेट: 18 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
मिठाइयों में मरे कॉकरोच-कीड़े, चाशनी में फफूंद:4 दुकानों का लाइसेंस सस्पेंड, 150 किलो मिठाई और 10 किलो पनीर नष्ट

त्योहारी सीजन में मिठाइयों की बढ़ती मांग के बीच राजधानी में खाद्य सुरक्षा से खिलवाड़ का बड़ा मामला सामने आया है। खाद्य एवं औषधि प्रशासन के नियंत्रक दीपक अग्रवाल के नेतृत्व में विभागीय टीम ने शनिवार को शहर के चार प्रमुख प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान तेलीबांधा की तीन मिठाई दुकानों में मिठाइयों पर मरे हुए कॉकरोच, कीड़े और बाल रेंगते मिले, जबकि चाशनी में फफूंद व जाले पाए गए।

गंभीर अनियमितताएं मिलने पर विभाग ने चारों प्रतिष्ठानों के खाद्य लाइसेंस निलंबित कर उन्हें कम से कम तीन दिन तक दुकानें बंद रखने के निर्देश दिए हैं। जांच के दौरान तेलीबांधा स्थित न्यू जनता स्वीट्स में मिठाई बनाने वाली जगह पर भारी गंदगी मिली। यहां दीवारों से रंग उखड़ रहा था, फ्रीजर में पुरानी मिठाइयां ठूंसकर रखी थीं और कई खाद्य सामग्रियां खुले में पड़ी थीं।

मां अंबे स्वीट्स में चाशनी पर मकड़ी के जाले लगे थे, परिसर में गंदे कपड़े पड़े थे और मिठाइयों के बीच मरे हुए कॉकरोच व कीड़े मिले। वहीं, स्वीट हट एंड बेकरी के कोल्ड स्टोरेज में गंदगी के बीच रखी चमचम मिठाई में कीड़े पाए गए, सीढ़ियों पर पान-गुटखा थूकने के निशान थे और खाद्य सामग्री असुरक्षित रूप से खुली रखी थी।

पचपेड़ी नाका स्थित रायपुर ढाबा के किचन और बर्तन धोने वाली जगह पर भी भारी गंदगी मिली, इडली बनाने की मशीनें खराब हालत में थीं और पनीर की गुणवत्ता संदिग्ध पाई गई। कार्रवाई के तहत टीम ने मौके पर ही करीब 150 किलोग्राम विभिन्न प्रकार की मिठाइयां और 10 किलोग्राम पनीर नष्ट कराया। इसके अलावा रायपुर ढाबा से लगभग 50 किलोग्राम संदिग्ध पनीर जब्त किया गया।

विभाग ने खोवा, कुंदा, पनीर, बूंदी, बेसन के लड्डू, कलाकंद और छेना मिठाइयों समेत विभिन्न खाद्य पदार्थों के 12 नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं। अधिकारियों के अनुसार 14 दिनों के भीतर जांच रिपोर्ट आने की उम्मीद है, जिसके आधार पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ न्यायालयीन कार्रवाई की जाएगी।

गंदगी मिले तो यहां करें शिकायत त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता पर ध्यान दें। दुकानों में गंदगी, दूषित खाद्य सामग्री या अन्य अनियमितता मिलने पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन की हेल्पलाइन 9340597097 पर शिकायत कर सकते हैं। लाइसेंस निलंबित दुकानों को कमियां दूर कर पालन प्रतिवेदन देना होगा।

सुधार नहीं होने पर विभाग निलंबन की अवधि बढ़ा सकता है। कमियां दूर करने के बाद ही खुल सकेंगी दुकानें विभाग ने चारों प्रतिष्ठानों के खाद्य लाइसेंस निलंबित कर संचालकों को कम से कम तीन दिन तक दुकानें बंद रखने के निर्देश दिए हैं। इस दौरान उन्हें साफ-सफाई और अन्य कमियों को दूर कर पालन प्रतिवेदन देना होगा।

सुधार नहीं होने पर निलंबन की अवधि बढ़ाई जा सकती है। चार दुकानों पर कार्रवाई की गई। दुकानों में गंदगी और मिठाइयों में कॉकरोच मिले। संचालकों को 3 दिन दुकानें बंद रखकर व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए गए हैं। - दीपक अग्रवाल, नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन भास्कर एक्सपर्ट - डॉ.

योगेंद्र मल्होत्रा, जनरल फिजिशियन फूड पॉइजनिंग, हैजा और टाइफाइड का खतरा दूषित भोजन और असुरक्षित पेयजल से फूड पॉइजनिंग, हैजा, टाइफाइड, पेचिश और हेपेटाइटिस-ए एवं ई जैसी बीमारियां हो सकती हैं। अनुचित तापमान पर रखे भोजन में बैक्टीरिया तेजी से पनप सकते हैं। इससे उल्टी, दस्त और पेट दर्द की शिकायत हो सकती है। गंभीर मामलों में शरीर में पानी की कमी हो सकती है। बच्चों, बुजुर्गों और कमजोर रोग प्रतिरोधक क्षमता वाले लोगों में खतरा अधिक रहता है। होटल संचालकों को रसोई की स्वच्छता, सुरक्षित पेयजल, ताजी खाद्य सामग्री और उचित भंडारण की व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए।

📡 स्रोत: NewsData.io

📰 पूरी खबर पढ़ें (NewsData.io पर जाएं)
J
JKS News Desk

जनता का संदेश की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।