MLC चुनाव पर भाजपा ने बनाई रणनीति:अलीगढ़ में चुनावी तैयारियों की समीक्षा, प्रदेश के सहकारिता मंत्री ने बूथ से विधानसभा स्तर तक के पदाधिकारियों को सौंपा लक्ष्य
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →विधान परिषद के शिक्षक-स्नातक चुनाव में अपनी स्थिति मजबूत करने के लिए भाजपा ने संगठन को सक्रिय करने की तैयारी तेज कर दी है। बुधवार को कायमपुर स्थित भाजपा जिला कार्यालय पर हुई समीक्षा बैठक में प्रदेश के मंत्री जे.पी.एस.
राठौर ने चुनावी तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने पदाधिकारियों को बूथ स्तर तक मतदाताओं से सीधा संपर्क बनाने और मतदान के दिन तक अभियान जारी रखने के निर्देश दिए। बैठक में शिक्षक सीट पर पिछले चुनाव में मिली हार का जिक्र करते हुए उन्होंने इस बार सीट वापस हासिल करने का लक्ष्य सामने रखा। जे.पी.एस.
राठौर ने कहा कि चुनाव में प्रत्येक वोट महत्वपूर्ण है। संगठन के पदाधिकारी यह सुनिश्चित करें कि कोई भी मतदाता संपर्क से छूटने न पाए। इसके लिए बूथ स्तर के पदाधिकारियों को मतदान के दिन तक प्रत्येक वोटर से कम से कम तीन बार संपर्क करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि चुनाव की तैयारी केवल बैठकों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि उसका असर बूथ स्तर पर दिखाई देना चाहिए।
हर पदाधिकारी अपने क्षेत्र की जिम्मेदारी समझे और मतदाताओं तक पहुंचने की ठोस कार्ययोजना के साथ काम करे। पन्ना प्रमुखों के जरिए मतदाताओं तक पहुंचने की तैयारी बैठक में पन्ना प्रमुखों और बूथ प्रमुखों की भूमिका पर विशेष जोर दिया गया। पार्टी की योजना है कि मतदाता सूची के आधार पर संपर्क अभियान चलाकर हर वोटर तक पहुंच बनाई जाए।
बूथ स्तर के पदाधिकारी अपने क्षेत्र में मतदाताओं से लगातार संवाद रखें और मतदान तक संपर्क की प्रक्रिया जारी रखें। इसके लिए विधानसभा स्तर से लेकर बूथ स्तर तक के पदाधिकारियों को सक्रिय रहने को कहा गया। भाजपा की इस बैठक का मुख्य फोकस शिक्षक-स्नातक विधान परिषद चुनाव के लिए संगठनात्मक तैयारी को मजबूत करना रहा।
पार्टी नेतृत्व ने स्पष्ट किया कि सीट पर वापसी के लक्ष्य को लेकर सभी स्तरों पर समन्वय के साथ काम करना होगा। बूथ प्रबंधन, मतदाताओं से संपर्क और पदाधिकारियों की जवाबदेही को चुनावी तैयारी का अहम हिस्सा बनाया गया। दिग्गज नेताओं की मौजूदगी में चुनावी रणनीति पर मंथन बैठक में क्षेत्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण राज सिंह, क्षेत्रीय महामंत्री मधुलिका राघव, सांसद सतीश गौतम, विधायक रविंद्र पाल सिंह, विधायक अनिल पाराशर, विधायक राजकुमार सहयोगी, भाजपा जिलाध्यक्ष कृष्णपाल सिंह लाला और महानगर अध्यक्ष इंजीनियर राजीव शर्मा मौजूद रहे।
इनके अलावा शिवनारायण शर्मा, गौरव शर्मा, सुशील गुप्ता, पीयूष दत्त शर्मा, अवध बघेल सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी बैठक में शामिल हुए।
📡 स्रोत: NewsData.io