अपराध

मोहनिया में बेकाबू डंपर ने छात्रा को रौंदा, सड़क जाम

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 29 सितंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
मोहनिया में बेकाबू डंपर ने छात्रा को रौंदा, सड़क जाम

Marking : Lead All

मोहनिया में बेकाबू डंपर ने छात्रा को रौंदा, सड़क जाम

सिलौंधा मोड़ के पास भीषण हादसे में 9वीं की छात्रा की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने एनएच किया जाम।

29 सितंबर , मोहनिया (कैमूर, बिहार) : मोहनिया थाना क्षेत्र के सिलौंधा मोड़ के पास एनएच-30 पर सुबह करीब 9:30 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गिट्टी लदे एक बेकाबू डंपर ने साइकिल से स्कूल जा रही 13 वर्षीय छात्रा को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने मुआवजा, चालक की गिरफ्तारी और सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग को लेकर एनएच-30 को जाम कर दिया।

मृतका की पहचान कैथियां गांव निवासी 13 वर्षीय खुशी कुमारी के रूप में हुई है। खुशी उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, कटरा कलां में कक्षा 9वीं की छात्रा थी। वह रोज की तरह मंगलवार सुबह साइकिल से स्कूल जा रही थी। इसी दौरान सिलौंधा मोड़ के पास गिट्टी लदे डंपर ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर के बाद डंपर भी अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया, जबकि छात्रा सड़क किनारे खाई में जा गिरी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। छात्रा की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने एनएच-30 को जाम कर दिया। सड़क जाम होने के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम में कई एंबुलेंस और पटना की ओर जाने वाले यात्री भी फंस गए।

घटना की सूचना मिलने पर मोहनिया थाना प्रभारी आलोक कुमार और मोहनिया प्रखंड विकास पदाधिकारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों को समझाने का प्रयास किया और जाम हटाने की कोशिश शुरू की।

मृतका के बड़े पिता और विद्यालय के प्रधानाध्यापक अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि सिलौंधा और कैथियां गांव के बच्चों के लिए सड़क पार करना हमेशा जोखिम भरा रहता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से इस स्थान पर ओवरब्रिज अथवा सुरक्षित सड़क पार करने की व्यवस्था के साथ स्पीड ब्रेकर लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

वहीं, जाम में फंसे यात्री सुमित गुप्ता ने बताया कि उन्हें शाम 7 बजे पटना से फ्लाइट पकड़नी है और वे बस से पटना जा रहे थे। सड़क जाम होने के कारण उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। फरार डंपर चालक की तलाश भी की जा रही है।

इस स्टोरी फोल्डर में :

बाइट: मृतका के बड़े पिता बाइट: अरविंद कुमार सिंह, प्रधानाध्यापक

बाइट: सुमित गुप्ता, यात्री

Caption : सिलौंधा मोड़ के पास भीषण हादसे में 9वीं की छात्रा की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने एनएच किया जाम।

🎙️ जनता का संदेश का मत

सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना समाज की जिम्मेदारी है। दुर्घटना से पहले, चालकों को गति कम करनी चाहिए, सीटबेल्ट लगाना चाहिए और साइकिल चलाने वालों को मार्ग देना चाहिए। स्कूलों के पास विशेष चेतावनी संकेत और ट्रैफिक पुलिस की उपस्थिति से बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है। हमें सहानुभूति के साथ पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना जतानी चाहिए और भविष्य में ऐसी त्रासदियों को रोकने के लिए सामूहिक प्रयास करना चाहिए।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।