सोमवार को लोकसभा में पेश होंगे 3 अहम विधेयक
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
नवंबर 29, नई दिल्ली : सोमवार से शुरू हो रही संसद की कार्यवाही के दौरान केन्द्र सरकार लोकसभा में एक सौ बत्तीसवां संशोधन विधेयक, 2026, परिसीमन (दूसरा) विधेयक, 2026 और संघ राज्यक्षेत्र विधि (संशोधन) दूसरा विधेयक, 2026 पेश करेगी। इन विधेयकों के पारित होने से सभी राज्य विधानसभाओं में सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत की वृद्धि और वर्ष 2029 के लोकसभा चुनावों में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का मार्ग प्रशस्त होगा।
प्रस्तावित विधेयक के अनुसार लोकसभा की सीटें वर्तमान 543 से बढ़ जाएगी। एक सौ बत्तीसवां संशोधन विधेयक, 2026 और परिसीमन (दूसरा) विधेयक, 2026 कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल सदन में पारित किए जाने के लिए पेश करेंगे। वहीं संघ राज्यक्षेत्र विधि (संशोधन) दूसरा विधेयक, 2026 को केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह लोकसभा में पेश करेंगे।
इसके साथ ही संघ राज्यक्षेत्र विधि (संशोधन) विधेयक, 2026 और परिसीमन विधेयक, 2026 को वापस लिए जाने का प्रस्ताव भी पेश होगा।
संसद की कार्यवाही शुरू होने से पहले राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने परिसीमन द्वितीय विधेयक 2026 को लोकसभा में विचार करने की अनुशंसा की। यह अनुशंसा केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा इन विधेयकों को मंजूरी देने के एक दिन बाद आई है।
फाइल फोटो