मुरैना में दो अलग-अलग दुर्घटनाओं में 03 व्यक्ति घायल
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
भोपाल, 25 नवंबर 2026। मध्यप्रदेश पुलिस की डायल-112 सेवा सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। मुरैना एवं रतलाम जिले में हुई तीन अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में डायल-112 के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए घायल हुए चार व्यक्तियों को अस्पताल पहुंचाया। रतलाम में दो ट्रकों की आमने-सामने की टक्कर के बाद ट्रक में फंसे चालक को पुलिस एवं डायल-112 टीम ने सुरक्षित रेस्क्यू कर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
मुरैना में दो सड़क दुर्घटनाओं में तीन घायलों को पहुंचाया अस्पताल
मुरैना जिले के थाना सिविल लाइन क्षेत्र में 24 नवंबर की शाम छौंदा पुल स्थित काली मंदिर के पास मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें एक व्यक्ति घायल हो गया। सूचना मिलते ही डायल-112 वाहन मौके पर पहुंचा। आरक्षक श्री रघुनाथ सिंह एवं पायलट श्री मनोज पचौरी ने घायल को तत्काल एफआरव्ही वाहन से जिला चिकित्सालय मुरैना पहुंचाया।
इसी थाना क्षेत्र में 25 नवंबर को मथुरा मार्केट, मैदा फैक्ट्री के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार दो व्यक्ति घायल हो गए। सूचना पर आरक्षक श्री रघुनाथ सिंह एवं पायलट श्री प्रदीप शर्मा तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और दोनों घायलों को एफआरव्ही वाहन से जिला चिकित्सालय मुरैना में भर्ती कराया।
रतलाम में ट्रक में फंसे चालक का सुरक्षित रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया
रतलाम जिले के थाना सरवन क्षेत्र में 24 नवंबर रात्रि के समय सरपुरा फंटा नदी की पुलिया के पास दो ट्रकों की आमने-सामने की टक्कर हो गई। दुर्घटना में एक ट्रक चालक वाहन के अंदर फंस गया। सूचना मिलते ही डायल-112 वाहन मौके पर पहुंचा। आरक्षक श्री हिम्मत सिंह एवं पायलट श्री जितेंद्र ने थाना स्टाफ के साथ समन्वय कर राहत एवं बचाव कार्य किया।
थाना प्रभारी निरीक्षक राजशेखर वर्मा, प्रधान आरक्षक श्री हिम्मत सिंह राठौड़, प्रधान आरक्षक श्री विमल निनामा एवं श्री नितेश नलवाया की सहायता से ट्रक में फंसे चालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद घायल चालक को एफआरव्ही वाहन से उपचार के लिए रतलाम मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया।
डायल-112 जवानों की त्वरित कार्रवाई और तत्परता से चारों घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाकर उपचार उपलब्ध कराया जा सका।