मुजफ्फरनगर में जन्माष्टमी पर कलाकारों ने दिखाईं कृष्ण-लीलाएं:दो जिंदा सांपों के साथ शिव तांडव ने चौंकाया; राधा रानी के नृत्य ने मोहा मन
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →मुजफ्फरनगर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर सुभाष नगर स्थित शिव मंदिर के पास धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। मेरठ से पहुंचे जटा कलाकारों ने भगवान श्रीकृष्ण, राधा रानी, भगवान विष्णु, ब्रह्मा और भगवान शिव की विभिन्न लीलाओं का जीवंत मंचन किया। शुक्रवार-शनिवार रात आयोजित कार्यक्रम में देर रात तक महिला और पुरुष श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही।
प्रस्तुतियों के दौरान पूरा परिसर तालियों और धार्मिक जयकारों से गूंजता रहा। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण भगवान शिव के स्वरूप में कलाकार का शिव तांडव रहा। कलाकार ने दो जीवित सांपों के साथ नृत्य और तांडव की प्रस्तुति दी। यह दृश्य देखकर श्रद्धालु हैरान रह गए। प्रस्तुति के दौरान लगातार तालियां और जयकारे गूंजते रहे।
राधा रानी के भव्य नृत्य ने भी लोगों का ध्यान खींचा। इसके अलावा भगवान विष्णु और ब्रह्मा से जुड़े धार्मिक प्रसंगों का मंचन किया गया। कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों के जरिए विभिन्न पौराणिक लीलाओं को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। 10 साल से लगातार हो रहा आयोजन कार्यक्रम के आयोजक और वार्ड-35 के सभासद अमित शर्मा ने बताया कि उनकी टीम पिछले करीब 10 वर्षों से श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर लगातार इस कार्यक्रम का आयोजन कर रही है।
उन्होंने बताया कि मेरठ से आने वाले इन कलाकारों को जटा कलाकार कहा जाता है। ये कलाकार हर साल भगवान की विभिन्न लीलाओं का मंचन करते हैं। गणमान्य लोगों का हुआ सम्मान कार्यक्रम में पूर्व जिला पंचायत सदस्य हरेंद्र शर्मा, सभासद हिमांशु कौशिक, सभासद अमित पटपतिया, महिला सभासद बॉबी और नगरपालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
आयोजकों ने मुख्य अतिथियों को मंच पर सम्मानित किया। अतिथियों ने कलाकारों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन भारतीय संस्कृति और सामाजिक भाईचारे को मजबूत करने का काम करते हैं। देर रात तक चले कार्यक्रम में राधा-कृष्ण की भक्ति, शिव तांडव और अन्य धार्मिक प्रस्तुतियों ने माहौल को भक्तिमय बनाए रखा।
📡 स्रोत: NewsData.io