अपराध

मुख्य सचिव ने राज्य निर्वाचन आयुक्त को दी बधाई

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 22 नवंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
मुख्य सचिव ने राज्य निर्वाचन आयुक्त को दी बधाई

नगरीय निकाय चुनावों में मतदान 71.84 से बढ़कर 73.56 प्रतिशत, पंचायत चुनावों में भी बढ़ा मतदान प्रतिशत

जयपुर, 22 नवंबर। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने रविवार को शासन सचिवालय स्थित राज्य निर्वाचन आयोग कार्यालय में राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने नगरीय निकाय और पंचायतीराज चुनावों के सफल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण संचालन के लिए राज्य निर्वाचन आयुक्त और आयोग की टीम को बधाई दी। साथ ही निर्वाचन प्रबंधन में किए गए नवाचारों की सराहना की।

भेंट के दौरान ‘एक राज्य, एक चुनाव’ की अवधारणा के संदर्भ में प्रदेश के निर्वाचन अनुभवों पर चर्चा हुई। राजस्थान में इस व्यवस्था के तहत नगरीय निकाय चुनाव दो चरणों और पंचायतीराज चुनाव चार चरणों में आयोजित किए गए। इससे मतदान केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा बलों की उपलब्धता और प्रशासनिक संसाधनों के बेहतर उपयोग में मदद मिली।

मुख्य सचिव ने बताया कि नगरीय निकाय चुनावों में मतदान प्रतिशत पिछली बार के 71.84 प्रतिशत से बढ़कर 73.56 प्रतिशत रहा। वहीं ग्राम पंचायत चुनावों में मतदान 82.86 से बढ़कर 83.72 प्रतिशत और जिला परिषद एवं पंचायत समिति चुनावों में 63.66 से बढ़कर 67.78 प्रतिशत दर्ज किया गया। मतदाता जागरूकता के लिए ‘एक शाम लोकतंत्र के नाम’ और ‘एक दीप लोकतंत्र के नाम’ जैसे कार्यक्रमों के साथ निबंध, काव्यपाठ, रंगोली और मतदाता संवाद जैसी गतिविधियां भी आयोजित की गईं।

निर्वाचन प्रक्रिया में तकनीक के उपयोग के तहत दौसा में कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित ‘दौसा बॉट’ के जरिए 1,142 अधिकारियों और कर्मचारियों के 16,762 सवालों के जवाब उपलब्ध कराए गए। जयपुर में वाहन अनुमति की ऑनलाइन व्यवस्था लागू की गई, जबकि चूरू और राजसमंद में वेबसाइट एवं क्यूआर कोड के माध्यम से निर्वाचन सामग्री उपलब्ध कराई गई।

अभ्यर्थियों को नामांकन से पहले जरूरी दस्तावेजों और प्रक्रियाओं का प्रशिक्षण भी दिया गया। इसके अलावा हनुमानगढ़ और सवाईमाधोपुर में रिटर्निंग अधिकारियों एवं मतदान कार्मिकों के दक्षता परीक्षण आयोजित किए गए। अलवर में कार्मिक कल्याण पोर्टल के माध्यम से निर्वाचन ड्यूटी के लिए कार्मिकों की उपलब्धता के साथ मानदेय और भत्तों के भुगतान की निगरानी की गई।

प्रदेश के सभी मतदान केंद्रों पर बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में जनरेटर की वैकल्पिक व्यवस्था भी की गई।

मुख्य सचिव ने निर्वाचन कार्य में जिला प्रशासन, पुलिस, पर्यवेक्षकों, मतदान दलों और अन्य कार्मिकों के योगदान की सराहना की। उन्होंने शांतिपूर्ण मतदान और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रदेश के मतदाताओं का भी अभिनंदन किया। इस अवसर पर राज्य निर्वाचन आयोग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।