राजनीति

मुख्यमंत्री आवास के करीब आदिवासी-दलित छात्रावास बदहाल, उमंग सिंघार ने सरकार से पूछे सवाल

लेखक: Sanjida Khanam अंतिम अपडेट: 19 नवंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
मुख्यमंत्री आवास के करीब आदिवासी-दलित छात्रावास बदहाल, उमंग सिंघार ने सरकार से पूछे सवाल

कम्प्यूटर लाइब्रेरी का उद्घाटन करने पहुंचे नेता प्रतिपक्ष ने जर्जर भवन और मूलभूत सुविधाओं की कमी पर जताई नाराजगी, बोले—विद्यार्थियों को सुविधाएं देना सरकार की जिम्मेदारी

भोपाल। मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने गुरुवार को भोपाल स्थित डॉ. अंबेडकर अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति महाविद्यालयीन छात्रावास का दौरा कर विद्यार्थियों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों की मांग पर अपने प्रयासों और निधि से स्थापित कराई गई कम्प्यूटर लाइब्रेरी का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि लाइब्रेरी से छात्र-छात्राओं को पढ़ाई, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और डिजिटल शिक्षा में मदद मिलेगी।

सिंघार ने बताया कि कुछ महीने पहले छात्रावास के दौरे के दौरान विद्यार्थियों ने लाइब्रेरी की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की थी। विद्यार्थियों की जरूरत को देखते हुए उन्होंने कम्प्यूटर लाइब्रेरी की व्यवस्था कराई। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर अध्ययन सुविधाएं देना और उनके सपनों को नई उड़ान देना प्राथमिकता होनी चाहिए। शिक्षा के माध्यम से ही सशक्त और समान अवसरों वाला समाज बनाया जा सकता है।

जर्जर छात्रावास और सुविधाओं की कमी पर उठाए सवाल

कम्प्यूटर लाइब्रेरी के उद्घाटन के बाद सिंघार ने छात्रावास परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने भवन की जर्जर स्थिति, नहाने के लिए पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने और विद्यार्थियों की अन्य समस्याओं को लेकर भाजपा सरकार पर सवाल उठाए।

सिंघार ने कहा कि यह ऐतिहासिक छात्रावास है, जहां मध्यप्रदेश के कई बड़े नेताओं ने शिक्षा प्राप्त की है, लेकिन आज इसकी स्थिति खराब है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री आवास से चंद मिनट की दूरी पर स्थित छात्रावास में विद्यार्थियों को मूलभूत सुविधाएं नहीं मिलना सरकार की प्राथमिकताओं पर सवाल खड़े करता है। जब राजधानी में यह स्थिति है, तो प्रदेश के दूर-दराज के छात्रावासों की हालत का अंदाजा लगाया जा सकता है।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और आरएसएस आदिवासियों और दलितों के वोट तो चाहते हैं, लेकिन उन्हें अधिकार और सुविधाएं देने के मामले में पीछे हटते हैं। सिंघार ने कहा कि एक ओर सरकार आदिवासी गौरव दिवस मनाती है, वहीं दूसरी ओर आदिवासी विद्यार्थियों के छात्रावास बदहाल हैं।

पहले भी उठा चुके हैं छात्रावास की बदहाली का मुद्दा

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि कुछ महीने पहले भी उन्होंने छात्रावास का दौरा कर विद्यार्थियों की समस्याएं उठाई थीं और सरकार का ध्यान इस ओर आकर्षित किया था। इसके बावजूद व्यवस्थाओं में सुधार नहीं हुआ। इसी वजह से उन्होंने दोबारा छात्रावास पहुंचकर विद्यार्थियों से संवाद किया।

सिंघार ने कहा कि सरकार को योजनाओं और घोषणाओं तक सीमित रहने के बजाय जमीन पर विद्यार्थियों को सुविधाएं उपलब्ध करानी चाहिए। दलित और आदिवासी विद्यार्थियों के छात्रावासों की स्थिति सुधारना सरकार की जिम्मेदारी है।

💡 पृष्ठभूमि (Background)

मध्यप्रदेश के भोपाल में डॉ. अंबेडकर अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति महाविद्यालयीन छात्रावास, जहाँ आदिवासी और दलित छात्र रहते हैं, की स्थितियाँ खराब हो गई हैं। यह विषय छात्रावास की बुनियादी सुविधाओं और रहने के माहौल पर प्रकाश डालता है। यह खबर महत्वपूर्ण है क्योंकि शैक्षणिक संस्थानों में आवासीय सुविधाओं की कमी से शिक्षा ग्रहण करने वाले छात्रों के स्वास्थ्य और अध्ययन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। यदि इस समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रदर्शन, मानसिक स्वास्थ्य और सामाजिक स

S
Sanjida Khanam

Sanjida Khanam डिजिटल हिंदी पत्रकारिता के साथ सामाजिक, राजनीतिक और जनहित से जुड़े मुद्दों की रिपोर्टिंग में सक्रिय हैं।