मुख्यमंत्री आज से चंबा जिला के होली के दो दिवसीय प्रवास पर
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
अक्तूबर 22, चंबा (हिमाचल प्रदेश): मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू आज से चंबा जिला के भरमौर विधानसभा क्षेत्र के तहत होली के दो दिवसीय प्रवास पर रहेंगे। अपने प्रवास के पहले दिन मुख्यमंत्री आज क्षेत्र में विभिन्न विकासात्मक योजनाओं के उद्घाटन व शिलान्यास करने के बाद होली में जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
मुख्यमंत्री का इस दौरान होली-उतराला व होली से बड़ा भंगाल सड़क मार्गों के निर्माणाधीन कार्यों का निरीक्षण करने का भी कार्यक्रम है। इसके अलावा मुख्यमंत्री सूटकर गांव में सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए लोगों से संवाद भी करेंगे। इस बीच मुख्यमंत्री के होली दौरे को लेकर भाजपा विधायक डॉक्टर जनकराज ने एक पत्रकार वार्ता में कहा कि मुख्यमंत्री का यह दौरा तभी सफल होगा जब वे उनके विधानसभा क्षेत्र की दशकों पुरानी मांग होली-उतराला सड़क निर्माण के लिए वित्तीय पोषण की घोषणा करेंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि वे मुख्यमंत्री का यहां आने पर स्वागत करते हैं लेकिन मुख्यमंत्री जो भी विकासात्मक कार्यों के उद्घाटन व शिलान्यास करने जा रहे हैं, वो सारे कार्य भाजपा की देन है।