राजनीति

मुख्यमंत्री का जोधपुर दौरा

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 1 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
मुख्यमंत्री का जोधपुर दौरा

कार्यकर्ता सम्मेलन में निकाय चुनावों की जीत पर जताया आभार, जिला प्रमुख और पंचायत समितियों में भाजपा का परचम फहराने का लक्ष्य

जोधपुर, 1 अक्टूबर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के मुख्य आतिथ्य में जोधपुर के मारवाड़ इंटरनेशनल सभागार में भाजपा का विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित हुआ। सम्मेलन में हाल ही में हुए नगर निगम एवं नगर पालिका चुनावों में पार्टी को मिली सफलता के लिए कार्यकर्ताओं का आभार जताया गया। साथ ही आगामी पंचायती राज चुनावों को लेकर संगठन की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।

सम्मेलन में जोधपुर और फलोदी जिले के भाजपा विधायक, संगठन पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यक्रम में मंत्री जोगाराम पटेल, मंत्री के.के. बिश्नोई और भाजपा संगठन महामंत्री भूपेंद्र सैनी सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

जोधपुर जिला देहात अध्यक्ष त्रिभुवन सिंह भाटी ने कहा कि निकाय चुनावों में जोधपुर, फलोदी और जोधपुर शहर के कार्यकर्ताओं के अथक प्रयासों से पार्टी को सफलता मिली है। उन्होंने कहा कि अब संगठन का लक्ष्य आगामी पंचायती राज चुनावों में अधिक से अधिक स्थानों पर भाजपा के बोर्ड बनाना तथा जिला प्रमुख और पंचायत समितियों में भाजपा के प्रधान बनाना है।

भाजपा संगठन महामंत्री भूपेंद्र सैनी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर जनता के बीच व्यापक संपर्क बनाया गया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में पार्टी संगठन ने चुनावों को लेकर रणनीति तैयार की है। सांसदों, विधायकों, जिलाध्यक्षों और संगठन के कार्यकर्ताओं के समन्वय के साथ आगामी पंचायती राज चुनावों में पार्टी पूरी ताकत से मैदान में उतरेगी।

सम्मेलन के दौरान संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने और आगामी चुनावों के लिए जमीनी तैयारियां तेज करने पर भी जोर दिया गया। भाजपा नेताओं ने कार्यकर्ताओं से सरकार की योजनाओं और संगठन के कार्यक्रमों को लेकर जनता के बीच सक्रिय रहने का आह्वान किया।

बाईट- भूपेंद्र सैनी संगठन महामंत्री भाजपा

बाईट- त्रिभुवन सिंह भाटी, भाजपा देहात जिला अध्यक्ष जोधपुर

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।