अपराध

मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने किया ग्राम विकास संकल्प पत्र का विमोचन

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 11 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने किया ग्राम विकास संकल्प पत्र का विमोचन

पंचायत चुनाव के लिए भाजपा का रोडमैप जारी, 3 हजार अटल ज्ञान केंद्रों में से 650 तैयार,किसानों की सम्मान निधि 9 हजार से बढ़ाकर 12 हजार रुपये करने की घोषणा दोहराई

जयपुर, 11 अक्टूबर 2026। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को भाजपा प्रदेश मुख्यालय में पंचायतीराज चुनाव के लिए ग्राम विकास संकल्प पत्र का विमोचन किया। इस अवसर पर उन्होंने मुख्यालय में नवनिर्मित सेवा संकल्प सभागार का फीता काटकर उद्घाटन भी किया। मुख्यमंत्री ने शारदीय नवरात्र के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए मां दुर्गा से राजस्थान की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी विकास के संकल्प के साथ जनता के बीच जाती है। विधानसभा और निकाय चुनावों की तर्ज पर पंचायतीराज चुनाव के लिए भी ग्राम विकास संकल्प पत्र तैयार किया गया है। इसके माध्यम से गांवों के विकास का रोडमैप तैयार कर ग्रामीण क्षेत्रों में शहरों जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी), सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) और उप स्वास्थ्य केंद्रों की जरूरतों को ध्यान में रखा गया है। युवाओं को खेल के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए ग्राम पंचायत स्तर पर खेल मैदान विकसित किए जाएंगे, ताकि ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिल सके।

उन्होंने बताया कि ग्रामीण युवाओं को बेहतर शिक्षा और डिजिटल सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए ई-लाइब्रेरी और ई-मित्र सेवाओं से युक्त अटल ज्ञान केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं। सरकार ने 3,000 अटल ज्ञान केंद्र बनाने की घोषणा की थी, जिनमें से अब तक 650 केंद्र तैयार हो चुके हैं। मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से ग्राम सभाओं में सक्रिय भागीदारी निभाने और गांवों की आवश्यकताओं एवं विकास कार्यों से जुड़े सुझाव देने की अपील की।

उन्होंने कहा कि सरकार बजट तैयार करने से पहले किसानों, पशुपालकों, युवाओं, महिलाओं और उद्यमियों से भी सुझाव लेती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राजस्थान को चार महत्वपूर्ण जल परियोजनाओं का लाभ मिला है। इनमें राम जल सेतु लिंक परियोजना, यमुना जल समझौता, नर्मदा समझौता और किशाऊ बहुउद्देशीय परियोजना शामिल हैं। इन परियोजनाओं से प्रदेश में जलापूर्ति की सुविधाओं को बढ़ावा मिलेगा और किसानों सहित बड़ी ग्रामीण आबादी को लाभ मिलने की उम्मीद है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में जल संरक्षण और भूजल स्तर में सुधार के लिए ‘कर्मभूमि से मातृभूमि’ अभियान तथा ‘वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान’ चलाए जा रहे हैं। पर्यावरण संरक्षण के लिए नमो नर्सरियां विकसित की जा रही हैं, जबकि ‘वोकल फॉर लोकल’ के माध्यम से स्थानीय उद्योगों और उत्पादों को प्रोत्साहित किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में किसानों को वर्तमान में 9,000 रुपये की सम्मान निधि दी जा रही है, जिसे बढ़ाकर 12,000 रुपये करने का लक्ष्य है। उन्होंने बताया कि घुमंतु और अर्धघुमंतु समुदायों को आवासीय पट्टे दिए गए हैं तथा प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराने का काम किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि पात्र लाभार्थियों को 450 रुपये में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है और एक करोड़ लोगों को खाद्य सुरक्षा योजना से जोड़ा गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालकों को सहायता देने के लिए मोबाइल वेटरनरी वैन भी संचालित की जा रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने और प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से योजनाओं का लाभ सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों तक पहुंचाने पर जोर दिया गया है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि विकसित गांव ही विकसित भारत का आधार हैं। ग्राम विकास संकल्प पत्र गांवों की जरूरतों को केंद्र में रखकर तैयार किया गया है। इसके प्रभावी क्रियान्वयन से ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा और युवाओं को बेहतर अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश में ‘वन स्टेट-वन इलेक्शन’ की व्यवस्था का क्रियान्वयन हो रहा है।

इससे बार-बार चुनाव कराने पर होने वाला खर्च कम करने और जनप्रतिनिधियों को पांच वर्ष तक लगातार विकास कार्य करने का अवसर मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्पष्ट विकास दृष्टि के साथ तैयार किया गया ग्राम विकास संकल्प पत्र ‘विकसित गांव-समृद्ध राजस्थान’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

इसके जरिए गांवों को विकसित बनाने और ग्रामीणों को शहरों जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रदेश प्रभारी संजय भाटिया, प्रदेश महामंत्री (संगठन) अजेय कुमार, सह प्रदेश प्रभारी कुलदीप सिंह चहल, कविता पाटीदार सहित भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

💡 पृष्ठभूमि (Background)

भजनलाल शर्मा ने पंचायतीराज चुनाव के लिए ग्राम विकास संकल्प पत्र का विमोचन किया, जिसमें 3 हजार अटल ज्ञान केंद्रों में से 650 तैयार होने, किसानों की सम्मान निधि 9 हजार से 12 हजार रुपये करने और भाजपा के रोडमैप का विवरण दिया गया। यह कदम ग्रामीण विकास और चुनावी रणनीति को एकसाथ जोड़ता है, जिससे किसानों और ग्रामीणों की अपेक्षाएँ स्पष्ट होती हैं। इसके माध्यम से ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि सहायता के नए कार्यक्रम मिलेंगे, जिससे उनकी आय और जीवन स्तर में सुधार संभव है। यह पहल ग्रामीणों के लिए आशा

🎙️ जनता का संदेश का मत

राजनीतिक वाद-विवाद में विकास की योजनाएँ महत्वपूर्ण हैं, परंतु सच्ची प्रगति तभी संभव है जब हम सभी को समान अवसर और न्याय मिले। योजनाओं के साथ-साथ लोगों की आवाज़ को भी सुना जाना चाहिए। यदि किसी को किसी भी प्रकार की अन्याय या असमानता का सामना करना पड़े, तो उसे कानूनी मार्ग और समाजिक समर्थन से समाधान ढूँढ़ना चाहिए। समाज को एकजुट होकर समावेशी विकास की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।