मुख्यमंत्री ने सुकमा जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का किया दौरा
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
सुकमा, 28 सितंबर 2026
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज सुकमा में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने प्रभावित परिवारों से मिलकर उनका हाल जाना और राहत शिविरों में भोजन, पेयजल, स्वास्थ्य सहित आवश्यक व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने बाढ़ से मकानों को हुए नुकसान का शीघ्र आंकलन कर मुआवजा देने के निर्देश अधिकारियों को दिए। साथ ही, घरेलू सामान के नुकसान से प्रभावित परिवारों को मुख्यमंत्री राहत कोष से दस-दस हजार रूपए की अतिरिक्त सहायता भी देने की बात कही।
मुख्यमंत्री श्री साय ने शबरीनगर में स्थापित राहत एवं स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने शिविर में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, भोजन, पेयजल एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इस दौरान मुख्यमंत्री राहत शिविर में रह रहे प्रभावित लोगों के बीच पहुंचे और उन्हें स्वयं भोजन परोसकर आत्मीयता के साथ उनका हालचाल जाना।
मुख्यमंत्री बाढ़ प्रभावित परिवार के घर भी पहुंचे। उन्होंने परिवार के सदस्यों से बातचीत कर बाढ़ के दौरान उत्पन्न परिस्थितियों और हुए नुकसान की जानकारी ली तथा उन्हें ढांढस बंधाया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित परिवारों की कठिनाइयों को समझते हुए सहायता पहुंचाने में किसी प्रकार का विलंब नहीं होना चाहिए।