मुर्गियों को बर्ड फ्लू से बचाने के लिए भारत में विकसित पहली स्वदेशी वैक्सीन देश को समर्पित की जाएगी
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
रायपुर, 20 नवंबर 2026
मुर्गियों को बर्ड फ्लू से बचाने के लिए भारत में विकसित पहली स्वदेशी वैक्सीन आज भोपाल में देश को समर्पित की जाएगी। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान आज आईसीएआर-राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान में इस वैक्सीन को लॉन्च करेंगे। इसे संस्थान के वैज्ञानिकों ने एच 5एन 1 वायरस के क्लेड स्वरूप के खिलाफ विकसित किया है।
भोपाल के वैज्ञानिकों की ओर से विकसित इस वैक्सीन से बर्ड फ्लू पर नियंत्रण, पोल्ट्री किसानों के नुकसान में कमी और संक्रमण का फैलाव रोकने में मदद मिलने की उम्मीद है। कार्यक्रम में भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के महानिदेशक, कृषि अनुसंधान एवं शिक्षा विभाग के सचिव और विभिन्न संस्थानों के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल होंगे।
बर्ड फ्लू मुर्गियों और दूसरे पक्षियों में फैलने वाली गंभीर बीमारी है। इसके संक्रमण से बड़ी संख्या में पक्षियों की मौत हो सकती है। बीमारी फैलने पर मुर्गियों को मारना पड़ता है और कारोबार पर रोक लगने से पोल्ट्री किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। भारत में वर्ष 2006 से अब तक एच5एन1 और एच5एन8 के 500 से ज्यादा प्रकोप दर्ज किए जा चुके हैं।
इस वायरस का खतरा केवल पक्षियों तक सीमित नहीं है। इसका संक्रमण दूसरे जानवरों और इंसानों में भी पहुंच सकता है। ऐसे में मुर्गियों को समय रहते सुरक्षा देना जरूरी है। खास बात यह है कि एच5एन1 के क्लेड स्वरूप के खिलाफ अब तक कोई विशिष्ट व्यावसायिक वैक्सीन उपलब्ध नहीं थी