अपराध

नाबालिग के अपहरण और यौन शोषण के मामले में आरोपी उज्जैन से गिरफ्तार, भोपाल पुलिस ने बालिका को किया दस्तयाब

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 13 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
नाबालिग के अपहरण और यौन शोषण के मामले में आरोपी उज्जैन से गिरफ्तार, भोपाल पुलिस ने बालिका को किया दस्तयाब

भोपाल। शाहजहांनाबाद थाना पुलिस ने नाबालिग बालिका के अपहरण और यौन शोषण के मामले में कार्रवाई करते हुए उज्जैन से 26 वर्षीय आरोपी सुरेश सोलंकी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बालिका को भी दस्तयाब कर लिया है। मामले में अन्य आरोपियों की संलिप्तता के संबंध में पूछताछ की जा रही है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, 3 नवंबर 2024 को शाहजहांनाबाद थाना क्षेत्र में पुरानी अदालत के पास रहने वाले एक व्यक्ति ने अपनी 16 वर्षीय बेटी को अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। इस पर थाना शाहजहांनाबाद में अपराध क्रमांक 617/2024 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137(2) में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।

मुखबिर तंत्र और तकनीकी सहायता से मिली सफलता

नाबालिग की तलाश के लिए पुलिस ने मुखबिर तंत्र सक्रिय किया और तकनीकी सहायता से लगातार पतारसी की। इन प्रयासों के बाद बालिका को उज्जैन जिले के बिरलाग्राम थाना क्षेत्र में शुक्ला फैक्ट्री के पास ग्राम उमरना निवासी सुरेश सोलंकी (26), पिता स्वर्गीय बाबूलाल सोलंकी, के कब्जे से दस्तयाब किया गया।

पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 96, 64(2)(M), 127(6), 143(4), 144(1) और 3(5) के साथ पॉक्सो अधिनियम की संबंधित धाराओं में इजाफा कर आरोपी को गिरफ्तार किया है। उससे घटना के संबंध में पूछताछ की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, अब तक सामने आई जानकारी के आधार पर अन्य फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीम रवाना की गई है।

वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्रवाई

यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त संजय कुमार के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस आयुक्त शैलेन्द्र सिंह चौहान, पुलिस उपायुक्त जोन-3 आयुष गुप्ता, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त शालिनी दीक्षित और सहायक पुलिस आयुक्त शाहजहांनाबाद अनिल वाजपेयी के मार्गदर्शन में की गई।

कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक उमेश पाल सिंह चौहान, उप निरीक्षक राजीव पुरोहित, उप निरीक्षक सूरज अतुलकर, सहायक उप निरीक्षक खुमान सिंह, आरक्षक सुदीप यादव, दीपक पाण्डेय, महिला आरक्षक अनिल पावक, आरक्षक देवललन पाण्डेय और श्रीचंद यादव की भूमिका रही।

पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।