नए भवन में 13 में से 4 काउंटर चालू हुए:पीएमसीएच : अभी एक हफ्ते तक पुराने भवन में भी होगा रजिस्ट्रेशन
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →पीएमसीएच के नवनिर्मित भवन (टावर-3) में बुधवार से ओपीडी के पर्चे कटने लगे। पहले दिन 13 में से 4 काउंटरों पर ही रजिस्ट्रेशन की शुरुआत हुई, जहां करीब 400 मरीजों के पर्चे कटे। इनमें 2 काउंटर महिला मरीजों के लिए आरक्षित हैं। अधीक्षक डॉ.
राजीव कुमार सिंह ने कहा-सभी रजिस्ट्रेशन काउंटरों को नए भवन में शिफ्ट करने में अभी समय लगेगा। एक सप्ताह तक पुरानी जगह पर भी ओपीडी का पर्चा कटेगा। उधर, नई व्यवस्था की जानकारी नहीं होने से अधिकतर मरीज पहले की तरह राजेंद्र सर्जिकल ब्लॉक स्थित पुराने काउंटरों पर ही कतारों में खड़े रहे। पुराने काउंटरों पर भीड़ का दबाव बढ़ने के बाद सुरक्षाकर्मियों और कर्मियों ने कुछ मरीजों को नए भवन की ओर भेजा।
बुधवार को ओपीडी में 3 हजार से अधिक मरीज पहुंचे थे। टोकन मशीन और एस्केलेटर चालू नहीं : नए भवन में रजिस्ट्रेशन काउंटर शुरू होने के बावजूद मरीजों को पूरी सुविधाएं नहीं मिल सकीं। रजिस्ट्रेशन के लिए टोकन मशीन चालू नहीं थी। एस्केलेटर भी चालू नहीं था। नए काउंटर से पर्चा कटवाने के बाद मरीजों को तीसरे तल पर स्थित ओपीडी तक जाने के लिए लंबा चक्कर लगाकर लिफ्ट तक पहुंचना पड़ा।
राजेंद्र सर्जिकल ब्लॉक से ओटी और इमरजेंसी को भी नए भवन में स्थानांतरित करने की प्रक्रिया चल रही है। इसी माह शिफ्ट होगा ट्रायज गंभीर मरीजों को समय पर इलाज मुहैया कराने के लिए ट्रायज को इसी महीने नए भवन में शिफ्ट किया जाएगा। ऑर्थोपेडिक (हड्डी रोग), न्यूरो, मेडिसिन और कार्डियोलॉजी विभाग के लिए अलग-अलग केबिन बनाए गए हैं।
गंभीर मरीजों की जरूरत के अनुसार संबंधित विभागों के डॉक्टर सीधे ट्रायज में ही उपलब्ध रहेंगे। हादसों में घायल मरीजों के लिए पहला एक घंटा (गोल्डन आवर) बेहद नाजुक होता है। यहां त्वरित इलाज से जान बचाने की संभावना कई गुना बढ़ जाएगी। यहां रोजाना 50-60 मरीज ट्रायज में आते हैं, जिनमें 50% से ज्यादा दूसरे अस्पतालों से रेफर होते हैं।
विभागों के समन्वय से मरीजों को बिना देरी इलाज मिल सकेगा।
📡 स्रोत: NewsData.io