राज्य

नगर परिषद की पहली बैठक, हर वार्ड को 20 लाख

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 8 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
नगर परिषद की पहली बैठक, हर वार्ड को 20 लाख

करौली नगर परिषद की पहली बैठक में सफाई, सड़क, सीवरेज और स्ट्रीट लाइट समेत विकास कार्यों पर चर्चा हुई। सभापति ने सभी 55 वार्डों में 20-20 लाख के विकास कार्य कराने और दीपावली पर 50 लाख की लाइटिंग का ऐलान किया।

करौली, 8 अक्टूबर। नगर परिषद के नवगठित बोर्ड की पहली साधारण सभा गुरुवार को पंचायत समिति सभागार में आयोजित हुई। बैठक में शहर की सफाई व्यवस्था, सीवरेज, सड़क, स्ट्रीट लाइट, बेसहारा गोवंश और बंदरों की समस्या सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। पुराने विकास कार्यों के टेंडर निरस्त करने के मुद्दे पर करीब 20 मिनट तक पार्षदों के बीच तीखी बहस भी हुई।

सभापति सुनील सैनी ने सभी 55 वार्डों में 20-20 लाख रुपये के विकास कार्य कराने की घोषणा की। इसके अलावा मदनमोहनजी मंदिर के प्रमुख मार्गों के निर्माण के लिए 2 करोड़ रुपये की राशि खर्च करने की बात कही गई।

बैठक में शहर में बंद पड़े डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण को दोबारा शुरू करने के लिए दो साल की अवधि के 7 करोड़ रुपये के टेंडर जल्द जारी करने का निर्णय बताया गया। सफाई कर्मचारियों की निगरानी व्यवस्था मजबूत करने के साथ नालियों की सफाई के लिए तीन जोन में टीमें गठित करने और हाथगाड़ी व ट्रॉली खरीदने पर भी चर्चा हुई।

दीपावली के मद्देनजर शहर में 50 लाख रुपये की लाइटिंग के टेंडर कराने की घोषणा की गई। प्रमुख चौराहों और मंदिरों पर सजावट के साथ हाईवे पर तिरंगा लाइट लगाने की बात कही गई। इसके अलावा सिटी पार्क में बंद पड़े फव्वारे और लाइट को दोबारा चालू कराने का भी निर्णय बताया गया।

बैठक के दौरान बैठने की व्यवस्था को लेकर कुछ पार्षदों ने नाराजगी जताई। वहीं पुराने टेंडर निरस्त करने के मुद्दे पर हुई बहस के बाद बैठक में शहर के विकास और सफाई व्यवस्था को लेकर कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा की गई।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।