अपराध

नहर किनारे कचरा डालने वालों पर लगेगा जुर्माना

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 12 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
नहर किनारे कचरा डालने वालों पर लगेगा जुर्माना

साप्ताहिक समीक्षा बैठक में लंबित प्रकरणों और बजट घोषणाओं की समीक्षा, गंगानगर मैराथन में अधिकारियों-कर्मचारियों को भाग लेने के निर्देश

श्रीगंगानगर, 12 अक्टूबर। जिला कलक्टर डॉ. अमित यादव की अध्यक्षता में सोमवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति, लंबित प्रकरणों और सरकारी योजनाओं की समीक्षा की गई। जिला कलक्टर ने जल संसाधन विभाग के अधिकारियों को नहर किनारे कचरा डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और उनसे जुर्माना वसूलने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नहरों के आसपास कचरा फैलाने से जल प्रदूषण का खतरा बढ़ता है, इसलिए इसकी रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।

जिला कलक्टर ने संपर्क पोर्टल पर दर्ज प्रकरणों की विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को लंबित मामलों का निर्धारित समय सीमा में निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन की शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि शिकायतकर्ताओं के संतुष्टि स्तर में सुधार हो सके।

हरियालो राजस्थान अभियान और बजट घोषणाओं की समीक्षा के दौरान उन्होंने जल संसाधन विभाग को निर्धारित अवधि में कार्य पूरे करने के निर्देश दिए। वहीं, सार्वजनिक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) और जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (पीएचईडी) के अधिकारियों को बजट घोषणाओं के तहत आवंटित कार्य गुणवत्ता के साथ समय पर पूरे करने के लिए कहा।

बैठक में 25 अक्टूबर 2026 को श्रीगंगानगर के 100वें स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाली ‘गंगानगर मैराथन 2026’ की तैयारियों पर भी चर्चा की गई। जिला कलक्टर ने बताया कि मैराथन का आयोजन पुलिस लाइन, श्रीगंगानगर में होगा। उन्होंने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों और उनके अधीनस्थ कार्मिकों को 15 अक्टूबर तक Shm.to/Marathon पर पंजीकरण करवाकर भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

प्रतिभागियों को सुबह 4:45 बजे रिपोर्ट करना होगा। मैराथन के तहत 21 किलोमीटर हाफ मैराथन सुबह 5:15 बजे, 10 किलोमीटर दौड़ सुबह 5:45 बजे और 5 किलोमीटर दौड़ सुबह 6:15 बजे शुरू होगी। इसके बाद सुबह 7 बजे फन रन आयोजित की जाएगी, जिसमें भाग लेने के लिए कोई शुल्क नहीं देना होगा। आयोजकों ने 21 किलोमीटर दौड़ के लिए 3 घंटे 30 मिनट, 10 किलोमीटर के लिए 1 घंटा 30 मिनट और 5 किलोमीटर के लिए 1 घंटे का कट-ऑफ समय निर्धारित किया है।

मैराथन के विजेताओं के लिए नकद पुरस्कार भी रखे गए हैं। 21 किलोमीटर दौड़ में प्रथम स्थान पर 31 हजार, द्वितीय स्थान पर 21 हजार और तृतीय स्थान पर 11 हजार रुपये दिए जाएंगे। 10 किलोमीटर दौड़ में प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार क्रमशः 21 हजार, 11 हजार और 5,100 रुपये होंगे। वहीं, 5 किलोमीटर दौड़ में प्रथम पुरस्कार 11 हजार, द्वितीय 5,100 और तृतीय 3,100 रुपये निर्धारित किया गया है।

पुरुष एवं महिला वर्ग में कुल 18 विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा। बैठक में एडीएम सतर्कता अश्विन के. पंवार, जिला परिषद के एसीईओ हरिराम चौहान, पीडब्ल्यूडी एसई अनिल अग्रवाल, नगर परिषद आयुक्त मिलखराज चुघ, अमिता बिश्नोई, महिला एवं बाल विकास विभाग के उपनिदेशक ऋषभ जैन, पीएचईडी एसई मोहनलाल अरोड़ा, पीएमओ डॉ.

सुखपाल बराड़, दीपक कुक्कड़, सीडीईओ अरविन्दर सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

🎙️ जनता का संदेश का मत

कचरा फेंकने से नहरों का पानी गंदा होता है, जिससे नदियों का जलीय जीवन प्रभावित होता है और लोगों का स्वास्थ्य खतरे में पड़ता है। इस अपराध को रोकने के लिए हमें स्वयं जिम्मेदारी उठानी चाहिए—सभी को कचरा अलग कर फेंकना, सार्वजनिक स्थानों पर साफ-सफाई का प्रचार करना, और समाज में स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाना आवश्यक है। जब हम हर कदम पर स्वच्छता चुनते हैं, तब ही हमारा पर्यावरण और भविष्य सुरक्षित रहता है।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।