व्यापार

नई भर्ती आर्टिजनों को आवास देने की मांग, हेवु बीएमएस ने नगर प्रशासक को सौंपा ज्ञापन

लेखक: Santosh Yogi अंतिम अपडेट: 11 सितंबर 2026 👁️ 15 बार पढ़ा गया
प्रकाशक: जनता का संदेश
नई भर्ती आर्टिजनों को आवास देने की मांग, हेवु बीएमएस ने नगर प्रशासक को सौंपा ज्ञापन

बीएचईएल टाउनशिप के आवासों में सीपेज, चौकेज और विद्युत संबंधी समस्याओं के निराकरण की मांग, कैडर डाउन प्रक्रिया जल्द शुरू करने पर जोर

भोपाल। नई भर्ती आर्टिजनों और पात्र कर्मचारियों को आवासीय सुविधा उपलब्ध कराने तथा बीएचईएल टाउनशिप के आवासों से जुड़ी लंबित समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग को लेकर हेवु भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस), बीएचईएल भोपाल के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को नगर प्रशासक समीर पॉल से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपते हुए आवासों के रखरखाव और आवंटन की प्रक्रिया में तेजी लाने की मांग की।

हेवु बीएमएस ने बताया कि नई भर्ती आर्टिजनों को आवास उपलब्ध कराने और टाउनशिप के आवासों के अनुरक्षण का मुद्दा संगठन की ओर से लगातार प्लांट कमेटी, मिनी जेसीएम और जेसीएम की बैठकों में उठाया जाता रहा है। संगठन का कहना है कि इसके बावजूद अनुरक्षण किए जा चुके कई आवासों में चौकेज, सीपेज, वाटरप्रूफिंग, विद्युत व्यवस्था और अन्य रखरखाव संबंधी समस्याएं अभी भी बनी हुई हैं।

संगठन ने मांग की कि जिन आवासों का अनुरक्षण किया जा चुका है, उनका दोबारा तकनीकी निरीक्षण कराया जाए और सामने आने वाली शेष कमियों को दूर किया जाए। साथ ही सभी आवासों का गुणवत्तापूर्ण और स्थायी अनुरक्षण सुनिश्चित किया जाए, ताकि कर्मचारियों को बार-बार उन्हीं समस्याओं का सामना न करना पड़े।

हेवु बीएमएस ने रिक्त और अनुपयोगी आवासों को भी प्राथमिकता के आधार पर रहने योग्य बनाने की मांग रखी। संगठन के अनुसार, ऐसे आवासों को तैयार कर नई भर्ती आर्टिजनों और अन्य पात्र कर्मचारियों को आवंटित करने की प्रक्रिया तेज की जानी चाहिए। इससे आवास की प्रतीक्षा कर रहे कर्मचारियों को राहत मिल सकेगी और उपलब्ध आवासों का बेहतर उपयोग भी हो सकेगा।

प्रतिनिधिमंडल ने विशेष रूप से कैडर डाउन की प्रक्रिया जल्द शुरू करने की मांग की। संगठन का कहना है कि कैडर डाउन की प्रक्रिया शुरू होने से नियमानुसार पात्र कर्मचारियों को आवास आवंटित करने का रास्ता साफ होगा।

हेवु बीएमएस ने नगर प्रशासन से मांगों पर समयबद्ध कार्रवाई करने की अपील की है। संगठन का कहना है कि कर्मचारियों के लिए सुरक्षित, सुविधाजनक और बेहतर आवासीय व्यवस्था सुनिश्चित करना जरूरी है। इसके लिए लंबित अनुरक्षण कार्यों को जल्द पूरा करने के साथ खाली आवासों को उपयोग के योग्य बनाने पर प्राथमिकता से काम किया जाना चाहिए।

प्रतिनिधिमंडल में कार्यकारी अध्यक्ष लक्ष्मण पटवा, संयुक्त महामंत्री राकेश कोल, नगर सलाहकार समिति सदस्य अरुण चौकीकर, गजेंद्र बंछोर, संतोष बारिक, उपाध्यक्ष इमरान अली, संतोष चक्रवर्ती, हितेश्वर सोलंकी, दिनेश वानखेड़े, मनोज, कैलाश मालवीय, अनिल गंगारे, रवि दुबे, रामपादो मलिक और चंद्रशेखर चौहान सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।

💡 पृष्ठभूमि (Background)

यह खबर हेवु भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) द्वारा नई भर्ती आर्टिजनों और पात्र कर्मचारियों के लिए आवासीय सुविधा की मांग और बीएचईएल टाउनशिप के आवासों में सीपेज, चौकेज तथा विद्युत संबंधी समस्याओं के शीघ्र समाधान की बात करती है। यह विषय महत्वपूर्ण है क्योंकि इससे कर्मचारियों की जीवनशैली और कार्यस्थल पर संतुष्टि बढ़ेगी तथा आवासीय समस्याओं का समाधान स्थानीय प्रशासन के लिए एक प्राथमिकता बन जाएगा। आम जनता पर इसका असर यह हो सकता है कि आवासीय सुविधाओं में सुधार से क्षेत्र में रोजगार के प्रति विश्वास बढ़ेगा और

S
Santosh Yogi

संतोष योगी भोपाल के वरिष्ठ पत्रकार हैं जो भोपाल जिला एवं आसपास की घटनाओं को प्रमुखता से कवर करते हैं।