राज्य

नई दिल्ली में आज आयोजित होगा ‘बाल विवाह मुक्त भारत’ पर राष्ट्रीय स्तर का कार्यक्रम

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 27 नवंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
नई दिल्ली में आज आयोजित होगा ‘बाल विवाह मुक्त भारत’ पर राष्ट्रीय स्तर का कार्यक्रम

रायपुर, 27 नवंबर 2026

महिला और बाल विकास मंत्रालय आज नई दिल्ली में ‘बाल विवाह मुक्त भारत’ पर राष्ट्रीय स्तर का कार्यक्रम आयोजित करेगा। बाल विवाह समाप्त करने के लिए सरकार और समाज की सामूहिक भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में 27 नवंबर 2024 को शुरू किए गए राष्ट्रीय अभियान की दूसरी वर्षगांठ मनाई जाएगी।

मंत्रालय ने बताया कि इस कार्यक्रम में राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के प्रतिनिधि, विभिन्न मंत्रालयों और विभागों के अधिकारी, बाल विवाह निषेध अधिकारी, बाल कल्याण समितियों के सदस्य, राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। इस दौरान बाल विवाह मुक्त भारत बनाने के सामूहिक संकल्प को दोहराया जाएगा। यह आयोजन संयुक्त राष्ट्र द्वारा 27 नवंबर को बाल विवाह, कम उम्र में विवाह और जबरन विवाह समाप्त करने के अंतरराष्ट्रीय दिवस के रूप में घोषित किए जाने के अनुरूप किया जा रहा है।

मंत्रालय ने बताया कि अभियान की शुरुआत से ही बाल विवाह के प्रति जागरूकता बढ़ाने, समुदायों को इस मुहिम से जोड़ने और बाल विवाह निषेध अधिकारियों की व्यवस्था मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया गया है। इसके अलावा, बाल विवाह के मामलों की समय पर सूचना देने तथा बालिकाओं की शिक्षा, सशक्तिकरण और उनके कल्याण को बढ़ावा देने के प्रयास किए जा रहे हैं।

मंत्रालय ने बताया कि ‘बाल विवाह मुक्त भारत पोर्टल’ बाल विवाह की घटनाओं की शिकायत दर्ज कराने, बाल विवाह निषेध अधिकारियों की जानकारी प्राप्त करने, जागरूकता गतिविधियों का विवरण दर्ज करने और बाल विवाह के खिलाफ शपथ लेने के लिए एक विशेष मंच है।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।