व्यापार

नालागढ़ में आतिशबाजी की चिंगारी से जली गर्म कपड़ों की दुकान, व्यापारी को 20 लाख का नुकसान

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 9 नवंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
नालागढ़ में आतिशबाजी की चिंगारी से जली गर्म कपड़ों की दुकान, व्यापारी को 20 लाख का नुकसान

दीपावली की रात हुए अग्निकांड में कुल्लू निवासी सज्जू राम की दुकान का सामान जलकर राख, व्यापार मंडल ने मदद का दिया भरोसा, प्रशासन से आर्थिक सहायता की मांग

दीपावली की रात औद्योगिक क्षेत्र नालागढ़ में आतिशबाजी से निकली चिंगारी एक गरीब व्यापारी के लिए बड़ी मुसीबत बन गई। आग लगने से कुल्लू निवासी सज्जू राम की गर्म कपड़ों की दुकान जलकर राख हो गई। इस अग्निकांड में व्यापारी को करीब 18 से 20 लाख रुपये का नुकसान होने का अनुमान है।

जानकारी के अनुसार, कुल्लू जिले के मरगन गांव निवासी सज्जू राम हर साल सर्दियों के मौसम में नालागढ़ आकर गर्म कपड़ों की बिक्री करते हैं। वह अपने परिवार के साथ हाथ से ऊनी कपड़े तैयार कर उनका कारोबार करते हैं। इस बार भी उन्होंने दीपावली से कुछ दिन पहले नालागढ़ पहुंचकर दुकान में करीब 18 से 19 लाख रुपये का सामान लगाया था। दीपावली की रात करीब आठ बजे आतिशबाजी से निकली चिंगारी दुकान तक पहुंची और देखते ही देखते आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया।

दुकान में रखी कुल्लू और किन्नौरी शॉल, पश्मीना शॉल, स्टॉल, ऊनी जैकेट, कुल्लू टोपियां, स्वेटर, जुराबें और अन्य गर्म कपड़े जलकर राख हो गए। सज्जू राम के अनुसार, कई महंगी शॉल उन्होंने खुद हाथों से तैयार की थीं, जिनकी कीमत 8 से 10 हजार रुपये तक थी। आसपास के दुकानदारों ने आग बुझाने का प्रयास किया और दमकल विभाग को भी सूचना दी, लेकिन तब तक अधिकांश सामान जल चुका था।

व्यापारी ने बताया कि परिवार की पूरी जिम्मेदारी उनके कंधों पर है और इस भारी आर्थिक नुकसान के बाद दोबारा कारोबार शुरू करना उनके लिए मुश्किल हो गया है। उन्होंने प्रदेश सरकार और प्रशासन से आर्थिक सहायता की गुहार लगाई है।

वहीं, नालागढ़ व्यापार मंडल के पदाधिकारियों राज भाटिया और महेश गौतम ने घटना पर दुख जताते हुए सज्जू राम को हरसंभव आर्थिक मदद का भरोसा दिया है। व्यापार मंडल ने विधायक और एसडीएम को भी घटना की सूचना दी है। साथ ही शहर के व्यापारियों और औद्योगिक क्षेत्र की कंपनियों से पीड़ित व्यापारी की मदद के लिए आगे आने की अपील की है।

दीपावली पर हुए इस अग्निकांड ने एक मेहनतकश व्यापारी की वर्षों की मेहनत और पूंजी को तबाह कर दिया है। अब पीड़ित परिवार को प्रशासन और सरकार से आर्थिक सहायता मिलने की उम्मीद है।

  1. सज्जू राम, प्रभावित व्यापारी
  2. राज भाटिया, नालागढ़ व्यापार मंडल प्रतिनिधि
  3. महेश गौतम, नालागढ़ व्यापार मंडल प्रतिनिधि
M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।