राज्य

नरसिंहपुर- महिला साक्षरता के लिए सामाजिक चेतना केंद्रों पर चलाया जागरूकता अभियान

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 15 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
नरसिंहपुर- महिला साक्षरता के लिए सामाजिक चेतना केंद्रों पर चलाया जागरूकता अभियान

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत उल्लास नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत विकासखंड नरसिंहपुर के विभिन्न सामाजिक चेतना केंद्रों पर महिला साक्षरता एवं असाक्षरता उन्मूलन के लिए जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। विकासखंड सह समन्वयक साक्षरता विजय नामदेव के मार्गदर्शन में कान्हरपानी, अगरिया, गोगावरी एवं सहजपुरा सहित पीएम श्री शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नरसिंहपुर, शासकीय हाई स्कूल रोसरा तथा एसडीएम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के सामाजिक चेतना केंद्रों पर अक्षरसाथियों, नोडल अधिकारियों एवं स्थानीय महिला जनप्रतिनिधियों ने महिलाओं को साक्षरता के महत्व से अवगत कराया तथा शिक्षा के प्रति जागरूक किया।

बचई संकुल के ग्राम अगरिया स्थित सामाजिक चेतना केंद्र में 24 अक्टूबर को आयोजित होने वाली साक्षरता परीक्षा के संबंध में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। नोडल अधिकारी रेखा सोनी ने परीक्षा में शामिल होने वाले 22 असाक्षरों को परीक्षा में सहभागिता के लिए प्रेरित किया। साक्षरता प्रभारी एवं प्राथमिक शिक्षक स्तुति कुरचानिया ने तिलक लगाकर उनका स्वागत किया तथा शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए साक्षरता को आत्मनिर्भरता और सामाजिक विकास का महत्वपूर्ण आधार बताया।

कार्यक्रम के दौरान कु. सरस्वती कहार एवं कक्षा 11वीं के विद्यार्थी हर्ष धनतोले का अक्षरसाथी के रूप में पंजीयन कराया गया। उपस्थितजनों ने गांव से असाक्षरता दूर करने तथा प्रत्येक व्यक्ति को साक्षर बनाने के लिए सामूहिक संकल्प लिया। कार्यक्रम में बचई संकुल के सह समन्वयक साक्षरता सहित ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।